1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. भाई ने ही दी बहन की रियल-टाइम लोकेशन, रिटायर्ड फौजी पति ने चढ़ा दी बोलेरो; झुंझुनूं में सनसनीखेज मामला

भाई ने ही दी बहन की रियल-टाइम लोकेशन, रिटायर्ड फौजी पति ने चढ़ा दी बोलेरो; झुंझुनूं में सनसनीखेज मामला

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Mar 25, 2026 11:32 pm IST,  Updated : Mar 25, 2026 11:33 pm IST

राजस्थान के झुंझुनूं से रिश्तों का खून कर देने का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक रिटायर्ड फौजी ने पत्नी को जान से मारने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली। इस वारदात में महिला के भाई ने भी अपने जीजा की मदद की।

घायल महिला अस्पताल...- India TV Hindi
घायल महिला अस्पताल में भर्ती। Image Source : REPORTER INPUT

झुंझुनूं जिले के सिंघाना थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी को जान से मारने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली। इस वारदात में महिला का भाई भी शामिल निकला, जिसने आरोपी की मदद करते हुए बहन की लोकेशन तक साझा की।

सुनियोजित तरीके से बोलेरो से कुचलने के प्रयास

घटना 8 मार्च 2026 की है, जब मोई निवासी सुनीता स्कूटी से चिड़ावा की ओर जा रही थी। रास्ते में एक बोलेरो गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। पीड़िता की रिपोर्ट पर जांच में सामने आया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हमला था। आरोपी पति राजेश कुमार (43) निवासी गाडाखेड़ा ने जानबूझकर गाड़ी से टक्कर मारकर पत्नी को कुचलने का प्रयास किया था। मामले की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि महिला का भाई विजेंद्र कुमार (45) निवासी मोई भी इस साजिश में शामिल था।

जीजा को दे रहा था बहन की लोकेशन की जानकारी

पुलिस के अनुसार, विजेंद्र लगातार अपनी बहन की गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी फोन के जरिए राजेश कुमार को दे रहा था, जिससे हमले को अंजाम देना आसान हो सके।

पुलिस ने किया पर्दाफाश

थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साक्ष्यों के आधार पर 24 मार्च 2026 को राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान साले विजेंद्र की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है।

पति रहता था अलग, पत्नी को मिलते थे 25 हजार रुपये प्रतिमाह गुजारा भत्ता

पीड़िता सुनीता के अनुसार, आरोपी पति पहले भी उस पर जानलेवा हमला कर चुका है, जिसकी शिकायत चिड़ावा थाने में दर्ज है। पुलिस ने बताया कि राजेश कुमार पूर्व में भी आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। वह सेना से सेवानिवृत्त है।  पत्नी का आरोप है कि उसका पति 10 साल से उससे अलग रह रहा है। राजेश कुमार की पेंशन से पत्नी को हर महीने 25 हजार रुपये गुजारा भत्ता मिलता है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

ससुराल पहुंचकर पति ने गुस्से में किया कुछ ऐसा, जिंदगी-मौत के बीच जंग लड़ रही पत्नी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।