1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 16 लाख फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने की आत्महत्या, YouTube पर करोड़ों में थे Views, पंखे से लटकी मिलीं

16 लाख फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने की आत्महत्या, YouTube पर करोड़ों में थे Views, पंखे से लटकी मिलीं

किसी इंसान के सोशल मीडिया पर 16 लाख फॉलोअर्स हों और वह लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा हो और अचानक वह जान दे दे तो क्या होगा? इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की आत्महत्या की खबर सुनकर उसके फॉलोअर्स बहुत निराश महसूस कर रहे हैं।

Nidhi Tiwari- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने आत्महत्या की

Highlights

  • निधि तिवारी के फेसबुक पर करीब 9 लाख और इंस्टाग्राम पर लगभग 7 लाख फॉलोअर्स
  • अभिनय और फिल्मी दुनिया में जाकर कमाना चाहती थी नाम
  • परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम वह किसी से कॉल पर बात कर रही थी, फिर की आत्महत्या

सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां की रहने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। वह महज 30 साल की थीं। निधि तिवारी की पॉपुलेरिटी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया पर उसके 16 लाख फॉलोअर्स थे। ऐसे में लोगों के मन में भी ये सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर इतनी पॉपुलर और डिजिटल कंटेंट बनाने वाली लड़की ने सुसाइड क्यों कर लिया?

कभी कैमरे में मुस्कुराती थी, आज बनकर रह गई याद

कभी कैमरे की रोशनी में मुस्कुराती हुई तस्वीरें, कभी सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का प्यार, कभी मंच पर ताज पहनकर जीत का जश्न और कभी बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने के सपने। सिंगरौली की 30 वर्षीय निधि तिवारी की जिंदगी कुछ ऐसी ही थी। लेकिन शनिवार की शाम यह चमकती हुई कहानी अचानक एक दर्दनाक मोड़ पर आकर थम गई।

सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ की रहने वाली निधि तिवारी अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी मौत की खबर सामने आते ही सिंगरौली से लेकर सोशल मीडिया तक शोक की लहर दौड़ गई। जिस युवती को लाखों लोग रोज अपनी मोबाइल स्क्रीन पर देखते थे, उसके अचानक चले जाने पर किसी को यकीन नहीं हो रहा।

निधि तिवारी उन चुनिंदा युवतियों में थीं जिन्होंने छोटे शहर की सीमाओं को पीछे छोड़कर डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान बनाई। फेसबुक पर करीब 9 लाख और इंस्टाग्राम पर लगभग 7 लाख फॉलोअर्स के साथ वह विंध्य क्षेत्र की सबसे चर्चित सोशल मीडिया हस्तियों में शामिल थीं। उनकी हर पोस्ट पर हजारों प्रतिक्रियाएं आती थीं और उनके वीडियो लाखों लोगों तक पहुंचते थे। यूट्यूब पर उनके करोड़ों में व्यूज थे।

लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान तब बनी जब वर्ष 2024 में उन्होंने मिस प्रेटी इंडिया का खिताब अपने नाम किया। यह जीत केवल एक प्रतियोगिता में मिली सफलता नहीं थी, बल्कि उस लड़की के सपनों की जीत थी, जिसने सिंगरौली से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक अपनी जगह बनाई थी। यही कारण था कि उनकी सफलता को जिले की उपलब्धि के रूप में देखा गया।

अभिनय और फिल्मी दुनिया में अपना करियर बनाना चाहती थीं

स्थानीय लोगों के मुताबिक निधि का सपना सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं था। वह अभिनय और फिल्मी दुनिया में अपना करियर बनाना चाहती थीं। मॉडलिंग, इवेंट्स और डिजिटल कंटेंट के जरिए वह लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही थीं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स इस बात की गवाही देते हैं कि वह अपने भविष्य को लेकर कितनी महत्वाकांक्षी और उत्साहित थीं।

परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम वह किसी से कॉल पर बात कर रही थी, उसके बाद अचानक फांसी के फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार घटना से पहले हुई कुछ बातचीत और अन्य परिस्थितियां जांच के दायरे में हैं। हालांकि अधिकारी स्पष्ट कर रहे हैं कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी कारण को लेकर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों और अन्य तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की आई बाढ़

निधि की मौत की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। जिन पोस्टों पर कभी लोग उनकी खूबसूरती, आत्मविश्वास और सफलता की तारीफ करते थे, वहां अब श्रद्धांजलि और संवेदनाओं से भरे संदेश दिखाई दे रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि सिंगरौली ने अपनी एक ऐसी बेटी को खो दिया है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया था।

मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस परिवार, परिचितों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

निधि तिवारी की कहानी सिर्फ एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की कहानी नहीं थी। यह उस युवा पीढ़ी की कहानी थी, जो छोटे शहरों से निकलकर बड़े सपने देखती है, संघर्ष करती है और अपनी पहचान बनाती है। शायद यही वजह है कि उनके अचानक चले जाने की खबर ने केवल उनके परिवार को नहीं, बल्कि उन लाखों लोगों को भी भावुक कर दिया है, जिन्होंने उनकी सफलता की यात्रा को करीब से देखा था।

इससे पहले एक खबर सामन आई थी कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या हो गई है। पति ने उसे चाकुओं से गोदकर मार डाला था। (रिपोर्ट- सिंगरौली से देवेंद्र पाण्डेय)

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें। या TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

ये भी पढ़ें-

इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर को पेड़ से बांधकर जिंदा जलाया, 54 दिन बाद मौत, लिवइन पार्टनर पर आरोप