सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की 26 अगस्त को पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। 28 वर्षीय मनजीत का चंडीगढ़ से अपहरण किया गया था। इसके बाद आरोपियों ने मोरिंडा ले जाकर पेड़ से बांधकर आग लगा दी थी। इस घटना में वह बुरी तरह झुलस गई थीं। करीब 54 दिन तक इलाज चलने के बाद उनकी मौत हुई। मां कांता देवी की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मनजीत की मां कांता देवी के अनुसार, 3 जुलाई की देर रात शुभी और पिंडा ने मनजीत को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में एक शराब की दुकान के पास मिलने के लिए बुलाया। ये दोनों पहले से मनजीत को जानते थे। वहां पहुंचने पर उन्हें जबरन कार में बैठाकर मोरिंडा ले जाया गया और जंगल में उन्हें शहतूत के पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई।
परिचित ने बचाई जान
घटना के बाद एक परिचित मौके पर पहुंचा और कंबल से आग बुझाकर उन्हें मोरिंडा के अस्पताल पहुंचाया। वहां से मोहाली के मैक्स अस्पताल शिफ्ट किया गया और 9 जुलाई को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। मनजीत कई हफ्तों तक बेहोश रहीं। 5 अगस्त को थोड़ा होश आने पर उन्होंने परिवार को पूरी घटना सुनाई। हालांकि, इलाज के बावजूद हालत बिगड़ती गई और 26 अगस्त को उनकी मौत हो गई। उनका पोस्टमॉर्टम पीजीआई में हुआ और शव परिवार को सौंप दिया गया है।
सात साल के बेटे से छिना मां का साया
मनजीत मोहाली के सेक्टर-123 सन्नी एन्क्लेव की रहने वाली थीं। वे तलाकशुदा थीं और उनके सात साल का बेटा है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1.46 लाख फॉलोअर्स थे। वे पंजाबी-हरियाणवी गानों पर रील्स और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स से जुड़ी कंटेंट बनाती थीं। यूट्यूब पर भी उनके करीब 4,000 सब्सक्राइबर्स थे। मौत के बाद मनजीत की मां कांता देवी सेक्टर-34 थाने पहुंचीं और शिकात दर्ज कराई। मनजीत की मौत के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 140(1) (अपहरण), 103(1) (हत्या) और 3(5) (साझा आपराधिक दायित्व) के तहत एफआईआर दर्ज की है। चंडीगढ़ एसएसपी कन्वरदीप कौर ने पुष्टि की कि मां की शिकायत पर अपहरण और हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस पर बयान न दर्ज करने का आरोप
सेक्टर-34 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शादी लाल ने बताया कि जांच चल रही है। परिवार का आरोप है कि होश आने के बाद मनजीत ने अपना बयान दर्ज कराने की इच्छा जताई थी। पीजीआई पुलिस चौकी ने खरड़ सदर पुलिस को सूचित भी किया था, लेकिन बयान दर्ज नहीं हुआ। खरड़ डीएसपी ईशान सिंगला ने लापरवाही के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि घटनास्थल चंडीगढ़ के अधिकार क्षेत्र में आने के कारण कार्रवाई चंडीगढ़ पुलिस को करनी थी। खरड़ पुलिस ने परिवार को सहयोग दिया और एफआईआर दर्ज कराने में मदद की।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मनजीत के इंस्टाग्राम अकाउंट की भी जांच कर रही है। अकाउंट पर अन्य इन्फ्लुएंसर के साथ विवाद और कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें युवकों को गाली देने वाले कंटेंट शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनजीत कथित तौर पर एक आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थीं। चंडीगढ़ पुलिस डीएसपी (साउथ) गुरजीत कौर ने बताया कि संदिग्धों के बारे में सुराग मिले हैं और छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
महिला पेपर कटर से काटा दो साल के बेटे का गला, पति की शिकायत पर गिरफ्तार
युवक ने अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या की, होटल के कमरे में मिला शव