A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP गजब है! कोरोना काल में BAMS की फर्जी डिग्री दिखाकर बना डॉक्टर, कई साल अस्पताल में किया काम; अब दर्ज हुई FIR

MP गजब है! कोरोना काल में BAMS की फर्जी डिग्री दिखाकर बना डॉक्टर, कई साल अस्पताल में किया काम; अब दर्ज हुई FIR

फर्जी डिग्री दिखाकर कई सालों तक शख्स अस्पताल में डॉक्टर बनकर काम भी करता रहा। आरोपी शख्स ने एक विश्वविद्यालय की BAMS डिग्री दिखाई थी। आरोपी फर्जी डॉक्टर के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज की गई है।

फर्जी डॉक्टर शुभम अवस्थी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV फर्जी डॉक्टर शुभम अवस्थी

मध्य प्रदेश के जबलपुर पुलिस ने फर्जी डिग्री के आधार पर डॉक्टर की नौकरी करने वाले युवक पर FIR दर्ज की है। बीते दिनों फर्जी डॉक्टर शुभम अवस्थी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। इसके बाद मामला कोर्ट में पहुंचा और न्यायालय ने सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए हैं। 

खुद को BAMS डॉक्टर बताकर पाई नौकरी

जानकारी के मुताबिक, शुभम अवस्थी ने खुद को BAMS डॉक्टर बताकर कोरोना काल में विक्टोरिया अस्पताल में नौकरी की थी। उसने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय BAMS की डिग्री प्राप्त करने की जानकारी दी थी। बहरहाल अब यूनिवर्सिटी से भी इस संबंध में जानकारी मांगी गई है। 

इस तरह हुई नियुक्ति

कोरोना काल में शासकीय एवं निजी अस्पतालों में स्टाफ एवं डॉक्टर्स की नियुक्ति की गई थी, जिसमें किसी भी प्रकार की चिकित्सा में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कर्मचारी, अधिकारी एवं चिकित्सकों को विभिन्न अस्पतालों में नियुक्त किया गया था। 

सैंपलिंग डिपार्टमेंट में लगाई गई ड्यूटी

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि इस दौरान शुभम अवस्थी ने भी खुद को BAMS का डॉक्टर बताकर विक्टोरिया अस्पताल में नौकरी की थी। हालांकि, शुभम की ड्यूटी सैंपलिंग में ही लगाई गई थी। कोविड खत्म होने के बाद से शुभम कहीं भी पदस्थ नहीं रहा था। अब उसके खिलाफ दस्तावेजों से छेड़छाड़ और किसी और के नाम की मार्कशीट में खुद का नाम दर्ज कर नौकरी करने की बातें सामने आई है। बहरहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।