A
Hindi News मध्य-प्रदेश ‘शराब नहीं छोड़ूंगा, मरना है तो मर जा', पिता की बात से दुखी 22 साल के बेटे ने की आत्महत्या

‘शराब नहीं छोड़ूंगा, मरना है तो मर जा', पिता की बात से दुखी 22 साल के बेटे ने की आत्महत्या

बेटा अपने पिता की शराब की लत से परेशान हो चुका था। उसने 10 हजार रुपये देकर पिता की जमानत कराई थी। इसके बाद ही पिता ने शराब पीनी शुरू कर दी। ऐसे में बेटे ने आत्महत्या कर ली।

Praveen Mandaloi- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT मृतक प्रवीण मंडलोई

मध्य प्रदेश के खंडवा में पिता की शराब की लत और चोरी की हरकतों से तंग आकर 22 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक प्रवीण मंडलोई ने हाल ही में पिता को चोरी के आरोप में 10 हजार रुपये की जमानत पर छुड़ाया था, लेकिन पिता ने जेल से बाहर आते ही दोबारा शराब पीनी शुरू कर दी। बेटे ने पीने से मना किया तो पिता ने कहा कि वह तो शराब नहीं छोड़ेंगे। भले ही लड़का मर जाए। इससे आहत होकर लड़के ने आत्महत्या कर ली।

घटना खंडवा जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र की है। हरसवाड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक युवक ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। परिवार के लोग गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। युवक अपने पिता की शराब पीने की लत से परेशान था, वह चोरी के आरोप में पकड़ाए पिता को थाने से 10 हजार रुपये में जमानत कराकर लाया था।

शराब की लत से परेशान था बेटा

युवक अपने पिता के साथ रहता था। कोरोना काल में मां का देहांत होने के बाद से युवक अपने पिता और बहन की जिम्मेदारी उठा रहा था। वह पिता की नशे की लत और चोरी की हरकतों से परेशान था। मृतक युवक ने अपने पिता को हाल ही में एक चोरी के मामले में थाने से छुड़ा कर लाया था। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक युवक का पिता अपनी पत्नी की मौत के बाद पूरी तरह से टूट गया था। वह नशे का आदी हो गया था। नशे के लिए चोरी भी करने लगा था, जिसकी वजह से बेटा परेशान रहता था।

पिता से था परेशान प्रवीण

22 वर्षीय प्रवीण मंडलोई इंदौर की एक डेयरी में काम करके अपने पिता बहन के साथ ही घर का खर्च चलाता था। उसके पिता को बीते दिनों पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया था। प्रवीण को जब इस बात का पता चला तो वह पिता की जमानत कराने बुधवार को गांव आया। 10 हजार रुपये में पिता की जमानत कराई। जेल से छूटने के बाद गांव के बाहर ही पिता ने शराब खरीद ली और पीने लगा। इस पर प्रवीण ने कहा था कि पापा शराब छोड़ दो वरना मैं मर जाऊंगा। पिता ने उससे कहा कि जा मर जा, लेकिन मैं शराब नहीं छोड़ूंगा, जिसके बाद युवक ये खौफनाक कदम उठा लिया।

जहर खाकर की आत्महत्या

परिजनों ने बताया कि बेटा पिता की बातों से आहत होकर इंदौर लौटने ही वाला था, लेकिन परिवारवालों ने उसे ये कहकर रोक लिया कि फसल पक गई है, अब फसल कटवाकर चले जाना। प्रवीण रातभर पिता की बात को दिल पर लगाए सोचता रहा और सुबह जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। तबीयत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मृतक प्रवीण के मामा ने कहा कि प्रवीण की मां की कोरोना काल में मौत हो गई थी। प्रवीण ही परिवार का सहारा था। अब परिवार में पिता और एक बहन बचे हैं।

(खंडवा से प्रतीक मिश्रा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

शादी के मंडप से गिरफ्तार हुआ गैंगस्टर, दुल्हन भी पहुंच गई थाने, कहा-'यहीं फेरे करा दो'

1.25 करोड़ लाडली बहनों के खाते में आए पैसे, CM मोहन यादव ने जारी की 34वीं किस्त, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस