1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मंदसौर में स्कूल से लौट रहे बच्चों पर अचानक टूट पड़े लड़ते हुए सांड, रौंदकर निकले आगे, CCTV में कैद हुई घटना

मंदसौर में स्कूल से लौट रहे बच्चों पर अचानक टूट पड़े लड़ते हुए सांड, रौंदकर निकले आगे, CCTV में कैद हुई घटना

मंदसौर में स्कूल से लौट रहे दो बच्चे, एक महिला और एक अन्य बच्चा अचानक दो सांडों की लड़ाई के बीच फंस गए। सड़क किनारे खड़ी महिला और तीनों बच्चों पर अचानक लड़ते हुए दो सांडों ने हमला कर दिया, और उन्हें कुचलकर आगे निकल गए।

mp news- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मंदसौर में आवारा सांडों का आतंक।

मध्यप्रदेश के मंदसौर शहर में इन दिनों आवारा सांडों ने तहलका मचा रखा है। हाल ही में शहर की चक्रवर्ती विहार कॉलोनी में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला और स्कूल से घर लौट रहे बच्चे अचानक दो लड़ते हुए सांड़ों की चपेट में आ गए। इस दौरान महिला के साथ एक और बच्चा मौजूद था और उन्हें रौंदते हुए सांड आगे निकल गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए। घटना सोमवार दोपहर के समय की बताई जा रही है।

बीच सड़क सांडों की लड़ाई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलोनी की सड़क पर दो सांड़ आपस में भिड़ गए। इसी दौरान स्कूल से लौट रहे बच्चे वहां से गुजर रहे थे। बच्चे सड़क किनारे खड़े थे जो अचानक सांड़ों की लड़ाई की चपेट में आ गए। इस दौरान एक महिला और उसके साथ मौजूद एक अन्य बच्चा भी सांडों की लड़ाई के शिकार हो गए। जैसे ही लड़ते हुए सांडों को बच्चों और महिला ने अपनी तरफ आते देखा, वह घबराकर इधर-उधर भागे, लेकिन सांड इतनी तेजी से आए कि किसी को बचने का मौका ही नहीं मिल सका। एक बच्चा जहां इस हमले के चलते दीवार से जोर से टकरा गया तो वहीं इक लड़की बगल में गिर गई। वहीं महिला और एक अन्य बच्चा जमीन पर गिर पड़े, जिससे बैल उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गए।

मदद को भागे आस-पास मौजूद लोग

जैसे ही सांडों ने बच्चों और महिला पर हमला किया, आस-पास मौजूद लोग उनकी मदद के लिए तेजी से आगे बढ़े। जिन्होंने पास पहुंचकर बच्चों और महिला को उठने में मदद की और उनका हाल-चाल जाना। हालांकि, बच्चों और महिला में से किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। लेकिन, इस घटना से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि लड़ते हुए सांड बच्चों के बेहद करीब पहुंच जाते हैं, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल जाता है। घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से शहर में घूम रहे आवारा मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

(मंदसौर से अशोक परमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः Video: सांड ने महिला को मारी जोरदार टक्कर, 6 टांके लगे, एंबुलेंस नहीं आई तो ऑटो से अस्पताल पहुंची