1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. Video: सांड ने महिला को मारी जोरदार टक्कर, 6 टांके लगे, एंबुलेंस नहीं आई तो ऑटो से अस्पताल पहुंची

Video: सांड ने महिला को मारी जोरदार टक्कर, 6 टांके लगे, एंबुलेंस नहीं आई तो ऑटो से अस्पताल पहुंची

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 22, 2026 11:31 pm IST,  Updated : Feb 22, 2026 11:31 pm IST

खंडवा के सराफा बाजार में सांड ने महिला को रौंद दिया। इस हादसे में उसके पैर में 6 टांके आए। महिला की हालत गंभीर है। एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर उसे ऑटो से अस्पताल भेजा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Bull Attack- India TV Hindi
महिला पर सांड का हमला Image Source : REPORTER INPUT

खंडवा के मुख्य सराफा बाजार में रविवार को एक सांड ने पैदल जा रही एक महिला को रौंद दिया। इस हादसे में महिला बुरी तरह लहूलुहान हो गई और उनके पैर में 6 टांके आए हैं। घायल महिला की पहचान खंडवा निवासी आकांक्षा पंवार के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद बाजार में आवारा मवेशियों को लेकर नगर निगम प्रशासन की बड़ी लापरवाही एक बार फिर उजागर हो गई है।

यह पूरी घटना शीतला माता मंदिर के सामने की है। जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय दो रिश्तेदार महिलाएं वहां से पैदल गुजर रही थीं। दोनों के बीच करीब चार कदम का फासला था। इसी दौरान एक सांड अचानक आया और वह अपने से आगे जा रहे दूसरे सांड पर हमला करने के लिए दौड़ा। इसी बीच रास्ते से जा रही महिला आकांक्षा पंवार को उसने रौंद दिया। हादसे के बाद महिला वहीं गिर गई और फिर खुद उठकर सड़क किनारे एक दुकान पर बैठ गई। उनके साथ आई रिश्तेदार जो आगे निकल चुकी थीं, उन्होंने दौड़कर पास आकर महिला को संभाला। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पहले भी हमले कर चुके सांड

खंडवा में आवारा सांडों का आतंक पुरानी समस्या है। इससे पहले भी कई बार सांड के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 2022 में दुबे कॉलोनी में सांड ने बुजुर्ग महिलाओं को सींगों से उठाकर 8-10 फीट हवा में उछाला और पटका था, जिससे कमर/हाथ टूट गए थे और वीडियो वायरल हुए थे। इस घटना के बाद लोग नगर निगम की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं कि आवारा सांडों को क्यों नहीं पकड़ा जा रहा।

(खंडवा से प्रतीक मिश्रा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

MP Final Voter List: मध्य प्रदेश की फाइनल वोटर लिस्ट जारी, अपना नाम कर लें चेक; जानिए तरीका

शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर इंदौर में भिड़े BJP-कांग्रेस के कार्यकर्ता, दोनों तरफ से किया पथराव; कई घायल

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।