मध्य प्रदेश के डिंडोरी के अमरपुर जनपद क्षेत्र में डिंडोरी से विधायक ओमकार मरकाम ने शहपुरा से भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे को माला पहनाया, गमछा भेंटकर पान खिलाया और गोद में उठाया। दरअसल, भाजपा विधायक सामूहिक विवाह में दूल्हों की बारात लेकर कार्यक्रम स्थल संदपिनी स्कूल में पहुंचे थे। यहां कांग्रेस विधायक बेटियों की तरफ से बारात की अगवानी कर रहे थे।
166 नवविवाहित जोड़ों का विवाह सम्पन्न
विवाह कार्यक्रम स्थल में वर पक्ष के कुर्ता पायजामा, गमछा और मौरे जैसे उपहार दिया। वहीं, कन्या पक्ष को दुल्हन की ड्रेस, मुकुट, चुनरी सहित आवश्यक सामग्री दी गई। प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 49 हजार रुपये का चेक दिया गया। बारात पुलिस चौकी के पास से निकली। इस दौरान विधायक नाचते हुए समारोह स्थल पर पहुंचे। पंडित ने मंत्रोच्चार कर हिंदू रीति रिवाज और आदिवासी परम्परा से विवाह संपन्न कराया गया।
जनप्रतिनिधि बोले- जीवन भर साथ निभाना
नवविवाहित जोड़ों को सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की इस योजना से अब हर वर्ग, समाज की बेटियों का विवाह कराया जा रहा है। बेटियां पढ़े, लिखे और आत्मनिर्भर बने इसलिए सरकार मदद कर रही है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे ने कहा पति पत्नी का रिश्ता पवित्र होता है। इसकी पवित्रता बनी रहे, इसके लिए दोनों को साथ मिलकर एक दूसरे की भावना का सम्मान करना पड़ेगा। डिंडोरी विधायक ने नशा और मोबाइल से दूर रहने की अपील की।
देखें वीडियो-
पहले चंदा इकट्ठा कर सामूहिक विवाह कराया, अब सरकार करवा रही
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि 1989 में पहली बार विधायक बना तो चंदा इकट्ठा कर सामूहिक विवाह की शुरुआत की। पहले 5 हजार रुपये प्रत्येक जोड़े को देते थे। अब सरकार प्रत्येक जोड़े को 55 हजार रुपये दे रही है। इन नवविवाहित जोड़ों को सभी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
(रिपोर्ट- दीपक कुमार नामदेव)
यह भी पढ़ें-
200 वाहनों के काफिले पर फंसे सौभाग्य सिंह, CM मोहन यादव ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
VIDEO: केन-बेतवा प्रोजेक्ट को लेकर प्रदर्शन हुआ हिंसक, उपद्रवियों ने बरसाए पत्थर; तहसीलदार की गाड़ी भी तोड़ी