1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इटारसी के पास पंचवेली एक्सप्रेस के एसी कोच में धुआं, यात्रियों में मची अफरातफरी; सामने आया वीडियो

इटारसी के पास पंचवेली एक्सप्रेस के एसी कोच में धुआं, यात्रियों में मची अफरातफरी; सामने आया वीडियो

नर्मदापुरम में पंचवेली एक्सप्रेस के एसी कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसकी वजह से ट्रेन में अफरातफरी मच गई। ट्रेन के कोच से धुआं उठने के बाद का और घबराए यात्रियों का वीडियो भी सामने आया है।

Panchvalley Express smoke incident- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT कोच में धुआं दिखने के बाद पंचवेली एक्सप्रेस, किरतपुर स्टेशन पर एक घंटे तक ट्रेन रुकी रही।

एमपी के नर्मदापुरम में आज (बुधवार को) सुबह इटारसी के नजदीक पोलापत्थर रेलवे स्टेशन पर पंचवेली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19344) के एक एसी कोच में इलेक्ट्रॉनिक पैनल बॉक्स से अचानक धुआं निकलने लगा। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते धुआं दिखने से एक बड़ा हादसा टल गया।

महिला यात्री ने बाथरूम से धुआं निकलते देखा

यह घटना सुबह करीब 4 बजे हुई, जब एक महिला यात्री ने बाथरूम से धुआं निकलते देखा। उसने तुरंत रेलवे कर्मचारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को पोलापत्थर रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल प्रभावित एसी कोच को खाली कराकर उसमें सवार यात्रियों को अन्य कोचों में बैठाया। फिर, सुरक्षा कारणों से ट्रेन लगभग एक घंटे तक पोलापत्थर स्टेशन पर रुकी रही।

प्रभावित एसी कोच को ट्रेन से किया गया अलग

इसके बाद, पंचवेली एक्सप्रेस को इटारसी रेलवे स्टेशन लाया गया और प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ा किया गया। रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित B2 एसी कोच को ट्रेन से अलग कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी और सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

आग लगने के कारणों का अभी नहीं चल पाया है पता

हालांकि, धुआं उठने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। रेलवे की त्वरित कार्रवाई के कारण किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। शुरुआती पड़ताल में इलेक्ट्रॉनिक पैनल बॉक्स में टेक्निकल खराबी या शॉर्ट सर्किट का संदेह जताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।

प्रभावित कोच की होगी तकनीकी जांच

जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि होगी। प्रभावित कोच की तकनीकी जांच की जाएगी, ताकि धुआं उठने की असली वजहों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को तुरंत रोका जा सके। इससे पहले जून महीने में मुरैना में ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्री पटरी से कूद गए थे। इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई थी। जब यात्री कूदे तो दूसरे ट्रैक पर पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी और उसने यात्रियों को टक्कर मार दी थी।

(इनपुट- अब्दुल सलीम)

ये भी पढ़ें- समोसे-कचौरी की दीवानगी, नाश्ते के लिए लोको पायलट ने रोकी ट्रेन? इंदौर-महू डेमू का वीडियो वायरल, जांच की उठी मांग