1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दर्दनाक हादसा: ट्रेन में आग लगने की अफवाह से पटरी पर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन ने कई को मारी टक्कर; 4 की मौत

दर्दनाक हादसा: ट्रेन में आग लगने की अफवाह से पटरी पर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन ने कई को मारी टक्कर; 4 की मौत

 Reported By: Anamika Gaur, Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 14, 2026 06:25 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 11:56 pm IST

मध्य प्रदेश के मुरैना में ट्रेन की टक्कर से चार लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद यात्री पटरी पर उतरे थे। इसी बीच पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन दूसरी पटरी पर आई और कई लोगों को टक्कर मार दी।

दूसरी ट्रेन ने यात्रियों को मारी टक्कर।- India TV Hindi
दूसरी ट्रेन ने यात्रियों को मारी टक्कर। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, जिले के हेतमपुर स्टेशन के पास एक ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद कई यात्री ट्रेन से नीचे कूद गए। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य ट्रेन ने कई लोगों को टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर रेलवे और व पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। रेलवे का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ट्रेन में आग लगने की अफवाह

दरअसल, मुरैना में ट्रेन संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस जा रही थी। इसी दौरान यात्रा कर रहे यात्रियों ने आग लगने की अफवाह फैला दी। आग लगने की अफवाह सुनते ही कई यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए। इसी दौरान मेन ट्रैक पर पातालकोट ट्रेन आ गई। ट्रेन आने की वजह से लोगों को कहीं और भागने का समय नहीं मिल सका। इस वजह से ट्रेन ने कई यात्रियों को टक्कर मार दी, जो पटरी पर मौजूद थे। पूरा मामला मुरैना के हेतमपुर स्टेशन का बताया जा रहा है।

दूसरी ट्रेन की चपेट में आए यात्री

जानकारी के मुताबिक हादसा रविवार की शाम करीब 16:15 बजे का बताया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर (HET)–धौलपुर (DHO) रेलखंड के बीच यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि ट्रेन के जनरल कोच में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (ACP) कर दी गई। इसके बाद गाड़ी सेक्शन में रुक गई। प्राप्त प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर समीपवर्ती रेल लाइन पर चले गए। इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है।

हादसे में चार लोगों की मौत

इस हादसे को लेकर रेलवे ने बयान जारी किया है। रेलवे की तरफ से कहा गया है कि धौलपुर के पास कुछ यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोकी और नीचे उतर गए। जब ​​वे पटरी पार कर रहे थे, तो दूसरी पटरी पर आ रही ट्रेन की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौत हो गई। यह मामला चेन खींचने और यात्रियों के गलत जगह पर पटरी पार करने का है। रेलवे ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।  प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि किसी भी परिस्थिति में चलती अथवा रुकी हुई ट्रेन से बिना अनुमति न उतरें तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें। इस हादसे में मृतकों की पहचान आफरीन (35), अशद (4), शकुंतला (60) और वीरमा देवी (58) के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें-

पत्नी ने खीर में नशे की गोली मिलाकर पति को किया बेहोश, फिर प्रेमी ने गला घोंटकर की हत्या; Instagram से हुई थी दोस्ती

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।