1. Hindi News
  2. बिहार
  3. NEET समेत कई परीक्षाओं के फर्जी पेपर बेचते थे आरोपी, पुलिस ने मुजफ्फरपुर से 4 को दबोचा

NEET समेत कई परीक्षाओं के फर्जी पेपर बेचते थे आरोपी, पुलिस ने मुजफ्फरपुर से 4 को दबोचा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 14, 2026 04:58 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 04:58 pm IST

बिहार के मुजफ्फरपुर से पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी अभ्यर्थियों और अभिभावकों को फर्जी क्वेश्चन पेपर बेचते थे। इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूलकर ठगने का काम करते थे।

बिहार पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
बिहार पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार। Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE

मुजफ्फरपुर: बिहार पुलिस ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को फर्जी क्वेश्चन पेपर बेचने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी मोटी रकम लेकर फर्जी क्वेश्चन पेपर बेचने का काम करते थे। कुछ दिन पहले ऐसे ही मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जिसकी निशानदेही पर चार आरोपियों को मुजफ्फरपुर से दबोचा गया। ये आरोपी NEET समेत अन्य परीक्षाओं के पेपर पीड़ितों को बेचने का काम करते थे। पुलिस ने बताया कि फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है। 

परीक्षाओं के फर्जी पेपर बेचते थे आरोपी

बिहार पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले से NEET-UG समेत कई एग्जाम के फर्जी क्वेश्चन पेपर उम्मीदवारों और उनके माता-पिता को बेचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक सीनियर अफसर ने रविवार को इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान हर्ष, अमन कुमार, कन्हैया कुमार और हर्ष कनोडिया के तौर पर हुई है। पुलिस ने शनिवार शाम को इन चारों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग एक ऐसा नेटवर्क चला रहे थे, जो सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए NEET समेत कई एग्जाम के फर्जी क्वेश्चन पेपर बेचकर परेशान माता-पिता को ठगता था।

एक आरोपी पहले से गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया, "मनीष झा नाम के एक व्यक्ति से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शनिवार को उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया। मनीष झा को इसी आरोप में 2 जून को सिकंदरपुर पुलिस स्टेशन के इलाके में बालू घाट से गिरफ्तार किया गया था।" उन्होंने बताया कि पूछताछ और उनके कबूलनामे से पता चला कि वे सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल करके उम्मीदवारों को यह कहकर धोखा देते थे कि वे उन्हें क्वेश्चन पेपर उपलब्ध करा सकते हैं। SSP ने कहा, "वे बैंक अकाउंट में ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए पैसे इकट्ठा करते थे और फिर इकट्ठा की गई रकम मनीष झा को दे देते थे।" SSP ने बताया कि आगे की जांच चल रही है।

ठगी के मामलों की यहां करें शिकायत

बिहार पुलिस ने हाल ही में NEET-UG री-एग्जाम को लेकर एडवाइजरी भी जारी की थी। विज्ञप्ति के मुताबिक इस परीक्षा में गड़बड़ी फैलाए जाने का प्रयास किये जाने से संबंधित किसी तरह की पूर्व सूचना/सूचना प्राप्त होने पर आर्थिक अपराध इकाई, बिहार, पटना स्थित कार्यालय के मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 9031829067 एवं ईमेल आईडी digeou-bih@gov.in पर तुरंत सूचना अवश्य दें। शीघ्र इसकी जांच पड़ताल एवं अग्रतर कार्रवाई की जायेगी। फर्जी कॉल द्वारा साईबर ठगी से संबंधित सूचना NCRP पोर्टल के हेल्पलाईन नंबर 1930 पर भी दी जा सकती है।

यह भी पढ़ें-

भिंड में दिनदहाड़े युवक की किडनैपिंग की कोशिश, पुलिस ने की नाकाम, फिर आरोपियों का निकाला जुलूस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।