1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मंदसौर में ₹1 करोड़ की नगदी और सोने-चांदी के गहनों से महालक्ष्मी का श्रृंगार, धनतेरस पर होंगे भव्य दर्शन

मंदसौर में ₹1 करोड़ की नगदी और सोने-चांदी के गहनों से महालक्ष्मी का श्रृंगार, धनतेरस पर होंगे भव्य दर्शन

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Nov 05, 2026 08:02 pm IST,  Updated : Nov 05, 2026 08:02 pm IST

दीपावली के इस खास आयोजन को लेकर मंदसौर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल है। अब हर किसी को धनतेरस का इंतजार है, जब नोटों और गहनों से सजा मां महालक्ष्मी का भव्य दरबार भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

मंदसौर में धनतेरस पर...- India TV Hindi
मंदसौर में धनतेरस पर नोटों और गहनों से सजेगा मां लक्ष्मी का मंदिर। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के मंदसौर में इस दीपावली श्रद्धालुओं को मां महालक्ष्मी का बेहद भव्य और अनोखा रूप देखने को मिलेगा। धनतेरस के अवसर पर शहर में पहली बार मां महालक्ष्मी का करीब 1 करोड़ रुपये की नगदी और सोने-चांदी के आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। नोटों की गड्डियों और कीमती जेवरात से सजे मां के दरबार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

मंदसौर में दीपोत्सव के अवसर पर दो प्रमुख मंदिरों में भगवान का नगदी और आभूषणों से श्रृंगार किया जाएगा। नरसिंहपुरा स्थित भगवान नरसिंह मंदिर परिसर में कुलदेवी मां महालक्ष्मी का भव्य श्रृंगार होगा, वहीं न्याय परिसर स्थित श्री तोप वाले बालाजी मंदिर में मां महालक्ष्मी, कुबेर जी और बालाजी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा।

नोटों की गड्डियों से सज रहा मां लक्ष्मी का दरबार।
Image Source : REPORTER INPUTनोटों की गड्डियों से सज रहा मां लक्ष्मी का दरबार।

रतलाम की तर्ज पर सजेगा मां महालक्ष्मी का दरबार

नरसिंहपुरा स्थित अग्रवाल समाज के भगवान नरसिंह मंदिर परिसर में अग्रवाल समाज देशी पंचायत के तत्वावधान में यह विशेष आयोजन किया जा रहा है। नगर में पहली बार रतलाम की तर्ज पर धनतेरस से भाई दूज तक श्रद्धालुओं को मां महालक्ष्मी के इस अनोखे श्रृंगार के दर्शन होंगे।

अग्रवाल समाज देशी पंचायत के अध्यक्ष संजय मित्तल के अनुसार, मंदिर का नवनिर्माण और जीर्णोद्धार का कार्य हाल ही में 27 जून को संपन्न हुआ था। मंदिर परिसर में भगवान नरसिंह के साथ कुलदेवी मां महालक्ष्मी और दादी रानी सती के विग्रह भी स्थापित किए गए हैं। इस बार दीपावली पर समाज के 200 से ज्यादा परिवारों ने मिलकर मां महालक्ष्मी के दरबार को भव्य रूप से सजाने का निर्णय लिया है।

₹500 से ₹10 तक के नोटों से सजेगा महालक्ष्मी का मंदिर।
Image Source : REPORTER INPUT₹500 से ₹10 तक के नोटों से सजेगा महालक्ष्मी का मंदिर।

10 से 500 रुपये तक के नोटों से श्रृंगार

मां महालक्ष्मी के दरबार की सजावट के लिए 500, 200, 100, 50, 20 और 10 रुपये के नोटों के साथ सोने-चांदी के आभूषण उपलब्ध कराए गए हैं। इनसे मंदिर को आकर्षक रूप दिया जाएगा। धनतेरस के दिन भागवताचार्य डॉ. देवेंद्र शास्त्री धारियाखेड़ी के सानिध्य में मां महालक्ष्मी सहस्रार्चन अभिषेक, 108 कनकधारा स्तोत्र के पाठ और सौभाग्य श्रृंगार का आयोजन होगा।

251 किलो पेड़े का बंटेगा प्रसाद

शाम 4 बजे से श्रद्धालु करोड़ों रुपये की नगदी और सोने-चांदी के आभूषणों से सजे मां के दरबार के दर्शन कर सकेंगे। रात 8 बजे आतिशबाजी और ढोल-धमाकों के बीच भव्य आरती की जाएगी। वहीं, सुबह से ही भक्तों के बीच 251 किलो पेड़े का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

देखें वीडियो-

(रिपोर्ट- अशोक परमार)

यह भी पढ़ें-

धनतेरस पर झाड़ू खरीदने का है खास महत्व, जानें कौन सी झाड़ू और कितनी खरीदना माना जाता है शुभ

धनतेरस पर किसकी करें पूजा और क्या है शुभ मुहूर्त? देखें दिल्ली-मुंबई समेत सभी शहरों की टाइमिंग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।