इंदौर: जिस फर्स्ट एसी कोच में यात्री आरामदायक और सुरक्षित सफर की उम्मीद करते हैं, वहीं अगर रात के सन्नाटे में चूहा बिस्तर तक पहुंच जाए तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि हालात कितने चिंताजनक होंगे। चंडीगढ़ से इंदौर आ रही ऊना-इंदौर एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में ऐसा ही मामला सामने आया। यहां सफर कर रहे 78 वर्षीय बुजुर्ग एचपी करण की सोते समय चूहे ने नाक कुतर दी। खास बात यह है कि परिवार ने यात्रा शुरू होते ही कोच में चूहा घूमने और गंदगी की शिकायत रेलवे स्टाफ से की थी, लेकिन आरोप है कि चूहे को हटाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत के बाद सफाई हुई, चूहा नहीं पकड़ा गया
बुजुर्ग के बेटे विजय के मुताबिक परिवार शनिवार को चंडीगढ़ से इंदौर के लिए रवाना हुआ था। ट्रेन में बैठने के कुछ देर बाद ही कोच में चूहा दिखाई दिया। गंदगी भी थी। परिवार ने रेलवे कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। कर्मचारियों ने गंदगी तो साफ कर दी, लेकिन चूहे से निजात दिलाने के लिए प्रभावी पेस्ट कंट्रोल या उसे पकड़ने की व्यवस्था नहीं की गई।
परिवार का कहना है कि सफर के दौरान वे लगातार इस समस्या को लेकर शिकायत करते रहे, लेकिन चूहा कोच में ही घूमता रहा।
रात में सो रहे थे बुजुर्ग, अचानक नाक पर हुआ हमला
रात करीब साढ़े 10 बजे 78 वर्षीय एचपी करण सो रहे थे। इसी दौरान चूहा उनके पास पहुंचा और उनकी नाक काट दी। अचानक हुए हमले से बुजुर्ग और परिवार के लोग घबरा गए। ट्रेन में ही मदद मांगी गई। आगरा पहुंचने पर डॉक्टर ने बुजुर्ग को देखा। हालांकि तत्काल गंभीर उपचार की जरूरत नहीं बताई गई। इंदौर पहुंचते ही परिजन उन्हें सीधे कोकिलाबेन अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने रेबीज से बचाव के लिए पहला इंजेक्शन लगाया। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने आगे चार और इंजेक्शन लगाने की सलाह दी है।
फर्स्ट AC में चूहा, रेलवे की व्यवस्था पर सवाल
परिवार ने घटना को लेकर रेलवे की सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब फर्स्ट एसी जैसे कोच में चूहे की मौजूदगी की शिकायत पहले ही कर दी गई थी, तो उसे हटाने के लिए तत्काल कदम क्यों नहीं उठाया गया। यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि मामला सिर्फ गंदगी या असुविधा का नहीं, बल्कि यात्री की सुरक्षा से जुड़ा है। एक बुजुर्ग यात्री के सोते समय चूहे द्वारा नाक काटे जाने से रेलवे की कोच मेंटेनेंस और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
इंदौर एयरपोर्ट पर भी सामने आ चुका है चूहे का मामला
चूहों का आतंक सिर्फ ट्रेन तक सीमित नहीं है। कुछ समय पहले इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल परिसर में भी भोपाल निवासी नीरज को चूहे ने काट लिया था। इसके बाद एयरपोर्ट की सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। अब ट्रेन के फर्स्ट एसी में बुजुर्ग की नाक कुतरे जाने की घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन स्थलों की साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था की निगरानी पर बहस छेड़ दी है।
बता दें कि इसी साल महाराष्ट्र के भयंदर के सरकारी अस्पताल से ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। अस्पताल के ICU में चूहों ने बुजुर्ग महिला का हाथ कुतर दिया था जिसके बाद महिला की मौत हो गई थी।
(रिपोर्ट- भारत पाटील)
यह भी पढ़ें-
मटन कोल्हापुरी में निकला आधा मरा चूहा, दो बच्चों ने खाया नॉनवेज, शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
शवगृह में रखे युवक के शव को चूहों ने कुतरा, परिजनों ने जमकर काटा बवाल, लगाया ये आरोप