1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मटन कोल्हापुरी में निकला आधा मरा चूहा, दो बच्चों ने खाया नॉनवेज, शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने शुरू की जांच

मटन कोल्हापुरी में निकला आधा मरा चूहा, दो बच्चों ने खाया नॉनवेज, शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने शुरू की जांच

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Aug 08, 2026 10:04 pm IST,  Updated : Aug 08, 2026 10:04 pm IST

मटन कोल्हापुरी के एक पार्सल में अधमरा चूहा मिला, जिसे दो बच्चों ने खाया था। शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग ने जांच शुरू की और जांच के लिए खाने के नमूने लिए।

dead rat found in Mutton Kolhapuri- India TV Hindi
मटन कोल्हापुरी में मिला आधा मरा चूहा Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के खंडवा में शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित एक होटल से लिए गए नॉनवेज पार्सल में आधा मरा हुआ चूहा मिलने का मामला सामने आया है। ग्राहक का आरोप है कि उसने बिस्मिल्लाह होटल से मटन कोल्हापुरी का पार्सल लिया था। घर पहुंचकर, जब पार्सल खोला गया तो उसमें मटन के साथ मरे हुए चूहे का हिस्सा देखकर उसके होश उड़ गए। बताया गया कि पार्सल में से कुछ नॉनवेज दो बच्चों ने भी खा लिया था। शिकायतकर्ता इरफान खान के अनुसार, उन्होंने कहारवाड़ी स्थित बिस्मिल्लाह होटल से मटन कोल्हापुरी का पार्सल लिया था। घर पहुंचने के बाद परिवार के सदस्यों ने खाना शुरू किया। इसी दौरान दो बच्चों ने भी पार्सल में से नॉनवेज खाया। बाद में जब खाने को देखा गया तो उसमें आधा मरा हुआ चूहा दिखाई दिया।

मटन कोल्हापुरी में निकला आधा मरा चूहा

इरफान ने तत्काल पूरे मामले का वीडियो बनाया और बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे। उनका कहना है कि फिलहाल दोनों बच्चे स्वस्थ हैं। घटना के बाद इरफान खान ने मामले की शिकायत खाद्य विभाग से की। शिकायत मिलने पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और होटल में खाद्य पदार्थों की जांच की। खाद्य निरीक्षक राधेश्याम गोले ने होटल से मटन और बिरयानी के सैंपल लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके पहले मध्य प्रदेश से खबर आई थी कि एक यूट्यूबर ने दृष्टिहीन बुजुर्ग को धोखे से चिकन खिलाकर बनाया वीडियो था।

शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने शुरू की जांच

खाद्य निरीक्षक राधेश्याम गोले ने बताया कि बिस्मिल्लाह होटल से लिए गए मटन कोल्हापुरी में मरा हुआ चूहा मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। मटन और बिरयानी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर उठे सवाल

फिलहाल खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि खाद्य पदार्थ में किसी प्रकार की मिलावट या अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी लापरवाही हुई है या नहीं। मामले के सामने आने के बाद होटल में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस घटना के बाद नॉनवेज खाने वालों में भी डर का माहौल है कि कही वे भी नॉनवेज में चूहा या छिपकली तो नहीं खा गए।

(इनपुट - प्रतीक मिश्रा)

ये भी पढ़ें - लाचारी का भद्दा मजाक, यूट्यूबर ने दृष्टिहीन बुजुर्ग को धोखे से चिकन खिलाकर बनाया वीडियो, थाने पहुंचा मामला

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।