A
Hindi News मध्य-प्रदेश MP में बुलडोजर एक्शन जारी, जद में जब्बार खान का घर, ईसाई धर्म अपनाने के लिए देता था लालच

MP में बुलडोजर एक्शन जारी, जद में जब्बार खान का घर, ईसाई धर्म अपनाने के लिए देता था लालच

सीहोर में धर्मांतरण के आरोपी जब्बार खान के घर पर बुलडोजर चलेगा। इस मामले में अगस्त में मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi Image Source : PIXABAY.COM प्रतीकात्मक फोटो

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार का बुलडोजर एक्शन लगातार जारी है। अवैध निर्माणों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भोपाल के बाद अब सीहोर में धर्मांतरण के आरोपी जब्बार खान के घर की ऊपरी मंजिल पर बुलडोजर चलेगा।

सीहोर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले जब्बार खान और उसकी पत्नी ताहिरा खान पर धर्मांतरण का आरोप है। आरोप है कि जब्बार और उसकी पत्नी लोगों को नौकरी, मकान और पैसे का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे।

जब्बार खान और उसकी पत्नी पर आरोप

इस मामले में अगस्त में मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। फरियादी गोविंद मसुरे ने पुलिस को बताया कि उसे और दो अन्य व्यक्तियों- मयंक बगवैया और नरेश मेवाड़ा को जब्बार खान और उसकी पत्नी द्वारा धर्म परिवर्तन के लिए बार-बार दबाव डाला जा रहा था।

पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड माने जा रहे पति-पत्नी जब्बार खान और ताहिरा खान के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी जब्बार खान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी पत्नी की तलाश की जा रही है।

धर्मांतरण मामले का मास्टरमाइंड

गिरफ्तारी के समय जब्बार खान बाइबिल हाथ में लेकर शांति की प्रार्थना कर रहा था, लेकिन पुलिस के मुताबिक वही इस धर्मांतरण मामले का मास्टरमाइंड है। इस घटनाक्रम में सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब कोतवाली थाने का आरक्षक वीरेंद्र अहिरवार प्रार्थना सभा में मौजूद पाया गया। वायरल वीडियो में उसने खुद कहा कि यीशु ने मेरे पाप धो दिए और मेरी जिंदगी बदल दी। इस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी।

ये भी पढ़ें-

मुगल बादशाह औरंगजेब क्यों बुनता था टोपी, कितने में और कहां बिकती थी?

भारतीय वायु सेना के इंजीनियर ने 24वीं मंजिल से लगाई छलांग, बहन के घर पर हुई ये घटना