1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. नेशनल हाईवे पर डम्पर की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, CCTV में कैद हुई घटना

नेशनल हाईवे पर डम्पर की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, CCTV में कैद हुई घटना

मध्य प्रदेश के भिंड से एक युवक की दर्दनाक मौत की खबर आई। घटना पास ही में मौजूद होटल के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। युवक हेलमेट भी लगाए हुए था, जो टुकड़े-टुकड़े हो गया।

MP News- India TV Hindi
Image Source : PEXELS युवक की मौत

भिंड​: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के देहात थाना क्षेत्र में स्थित नेशनल हाईवे 719 बाईपास पर डम्पर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना पास ही में मौजूद होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यातायात नियमों का पालन करते हुए, युवक ने हेलमेट भी पहना हुआ था जो चकनाचूर हो गया। पुलिस ने डम्पर को जब्त कर देहात थाना में खड़ा करवाया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है और युवक के घरवालों को मौत की खबर दे दी है। 

डम्पर की टक्कर से युवक की मौत

दरअसल, ऊमरी थाना क्षेत्र के किटी गांव का रहने वाला सौरभ यादव बाइक से नेशनल हाईवे 719 बाईपास पर कलेक्ट्रेट से सर्किट हाउस की ओर जा रहा था, जबकि खाली डम्पर सर्किट हाउस से ग्वालियर की ओर जा रहा था। इसी दौरान जनता बालक स्कूल के सामने युवक की बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी और बाइक गिरने से युवक का सर डम्पर के पिछले पहियों के नीचे आ जाने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

CCTV में कैद हुई मौत की दर्दनाक कहानी

इस घटना के तुरंत बाद डायल 112 की मदद से युवक के शव को जिला अस्पताल भिजवाया गया। युवक के पास पहचान का कोई दस्तावेज मौजूद नहीं था, जब उसके मोबाइल पर कॉल आई तब परिवार को युवक के मौत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच, जहां मृतक का शव था। यह सड़क हादसा पास ही में मौजूद एक होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि खाली डम्पर सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट की तरफ जा रहा था, जबकि बाइक सवार कलेक्ट्रेट से सर्किट हाउस की ओर आ रहा था। वहीं जनता स्कूल के सामने मौजूद ब्रेकर पर बाइक के आगे जा रही बोलेरो ने अपनी गाड़ी धीमी की, लेकिन बाइक सवार बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्लिप होकर डम्पर के पिछले पहिये के नीचे गिर पड़ा, जिससे उसका चेहरा पूरी तरह कुचल गया। इस दर्दनाक घटना के बाद डम्पर चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस डम्पर चालक की तलाश में है।

(भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट)

ये भी पढे़ं-

सड़क हादसे में कांस्टेबल की दर्दनाक मौत, पिता के निधन के बाद अनुकंपा पर मिली थी नौकरी

ग्वालियर कलेक्ट्रेट में EOW की रेड, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया तहसीलदार का रीडर अनिल कुलवाडिया