1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 19 साल के भतीजे ने चाचा के घर से चुराया 15 तोला सोना, खरीदी महिंद्रा THAR कार, फिर पूजा में चाचा को बुलाने पर खुली पोल

19 साल के भतीजे ने चाचा के घर से चुराया 15 तोला सोना, खरीदी महिंद्रा THAR कार, फिर पूजा में चाचा को बुलाने पर खुली पोल

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक भतीजे ने अपने चाचा के घर से 15 तोला सोना चुरा लिया और उसे बेचकर महिंद्रा THAR कार खरीद ली। कार खरीदने के बाद पूजा में उसने चाचा को भी आमंत्रित किया। लेकिन उसकी चोरी पकड़ी गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Kolhapur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT भतीजा और चोरी के गहने खरीदने वाला सुनार गिरफ्तार

कोल्हापुर: कोल्हापुर जिले के पन्हाला तहसील में स्थित सातवे गांव से चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 19 वर्षीय भतीजे ने अपने ही चचेरे चाचा के घर से 15 तोले सोने के जेवरात चुरा लिए। इसके बाद चोरी के पैसों से नई 'महिंद्रा थार' गाड़ी खरीदी और विडंबना देखिए कि उसी गाड़ी की पूजा के लिए उसने अपने पीड़ित चाचा को ही न्योता दे दिया। कोडोली पुलिस ने आरोपी भतीजे और जेवरात खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया पूरा घटनाक्रम कुछ इस तरह है,सातवे गांव में रहने वाले 19 वर्षीय समर पोपट चव्हाण के पड़ोस में ही उसके चचेरे चाचा उमेश मारुती चव्हाण का घर है। लगभग एक महीने पहले समर ने मौका पाकर चाचा उमेश के घर से 15 तोले सोने के गहने चुरा लिए। इसके बाद उसने गांव के ही एक सुनार संग्राम बाबासो मोरे के जरिए इन गहनों को 10 लाख रुपये में बेच दिया।

खरीदी ‘थार’ गाड़ी

गहने बेचकर मिले 10 लाख रुपये से समर ने सीधे एक नई महिंद्रा थार गाड़ी खरीद ली।

पूजा के दौरान खुला चोरी का राज

गाड़ी घर लाने के बाद समर ने अपने उसी चाचा उमेश चव्हाण को गाड़ी की पूजा में शामिल होने के लिए बुलाया। पूजा में जाने की तैयारी करते वक्त जब उमेश चव्हाण ने पहनने के लिए अपने जेवरात तलाशे, तो वे अलमारी से गायब थे।

हैरानी की बात यह थी कि पास में ही रखे दादी के जेवरात पूरी तरह सुरक्षित थे, केवल उमेश चव्हाण और उनकी पत्नी के जेवर ही गायब हुए थे। इसी बात से परिवार को पक्का शक हो गया कि यह चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घर के ही किसी करीबी ने की है।

पुलिस जांच में कबूला जुर्म

गहने गायब मिलने के बाद उमेश चव्हाण ने कोडोली पुलिस थाने में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो समर चव्हाण द्वारा अचानक महंगी गाड़ी खरीदने और उसके पास अचानक आए रुपयों पर संदेह गहरा गया।

सख्ती से पूछताछ करने पर समर टूट गया और उसने अपने चाचा के घर चोरी करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समर चव्हाण और चोरी का सोना खरीदने वाले सुनार संग्राम मोरे दोनों को हिरासत में ले लिया।

यह कार्रवाई प्रशिक्षार्थी पुलिस उपाधीक्षक (DySP) श्रीकांत ठिकणे के मार्गदर्शन में पुलिस हवलदार युवराज पाटील, बाबासो कीटे, पुलिस कॉन्स्टेबल महेश कदम, अमोल चव्हाण और महेश शिंदे की टीम ने पूरी की। चाचा के घर चोरी कर उसी को पूजा में बुलाने की इस अजीबोगरीब करतूत के बाद पूरे सातवे क्षेत्र में इस घटना की खूब चर्चा हो रही है।

इससे पहले एक चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की थी लेकिन उसे दानपेटी में केवल 170 रुपये मिले थे। ये मामला भी काफी चर्चा में रहा था। (रिपोर्ट- समीर मुजावर)

ये भी पढ़ें-

महाराष्ट्र से हैरान करने वाली खबर, साईं मंदिर में चोरी करने से पहले चोर ने किए बाबा के दर्शन, CCTV में कैद हुई घटना