मीरा-भाईंदर: मुंबई से सटे मीरा रोड के काशीमीरा इलाके के लक्ष्मीबाग स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। इस घटना ने श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी चौंका दिया है। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि आरोपी ने चोरी करने से पहले मंदिर में प्रवेश कर भगवान हनुमान के चरणों में माथा टेका, दर्शन किए और कुछ पल प्रार्थना भी की। इसके बाद उसने मंदिर का दरवाजा तोड़कर दानपेटी पर हाथ साफ कर दिया।
दान पात्र में मिले सिर्फ 170 रुपये
हालांकि, चोर की किस्मत उसका साथ नहीं दे सकी। मंदिर ट्रस्ट ने कुछ घंटे पहले ही दानपेटी में जमा अधिकांश नकदी निकाल ली थी। ऐसे में दानपेटी में केवल 170 रुपये ही बचे थे। आरोपी पूरी तैयारी के साथ चोरी करने पहुंचा, लेकिन उसे महज 170 रुपये ही हाथ लगे। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी पहले श्रद्धा के साथ हनुमान जी के दर्शन करता हुआ और फिर मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही काशीमीरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस कर रही आरोपी की पहचान
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है। इस अनोखी वारदात की पूरे इलाके में चर्चा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मंदिर में चोरी करना गंभीर अपराध है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यहां देखें वीडियो
अस्पताल से बाइक चोरी
वहीं, एक अन्य घटना में वाशिम जिला सामान्य अस्पताल से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोर बाइक लेकर निकल रहा था, तभी सामने से एक पुलिसकर्मी आ गया। चोर कुछ देर रुका और पुलिसकर्मी के वहां से जाते ही मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून के डर पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
इससे पहले अभी हाल में ही महाराष्ट्र में रायगढ़ में पाली पुलिस स्टेशन की हद में चोरी करने के लिए एक चोर बिल्डिंग में घुस गया लेकिन वह बिल्डिंग की छत पर फंस गया था।
रिपोर्ट- हनीफ
ये भी पढ़ेंः 18 हजार रुपये बकाया नहीं देने पर 21 लाख का ट्रक ही कर दिया गायब, 342 गैस सिलेंडर भी ले गया