1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र से हैरान करने वाली खबर, साईं मंदिर में चोरी करने से पहले चोर ने किए बाबा के दर्शन, CCTV में कैद हुई घटना

महाराष्ट्र से हैरान करने वाली खबर, साईं मंदिर में चोरी करने से पहले चोर ने किए बाबा के दर्शन, CCTV में कैद हुई घटना

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 20, 2026 03:04 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 03:04 pm IST

महाराष्ट्र के वाशिम में एक चोर ने साईं बाबा के मंदिर में चोरी की लेकिन ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी में चोर बड़े ही आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिख रहा है।

Sai Baba- India TV Hindi
साईं मंदिर में चोरी करने घुसा चोर Image Source : REPORTER INPUT

वाशिम: महाराष्ट्र के वाशिम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चोर साईं मंदिर में चोरी करने के लिए घुस गया लेकिन अपराध को अंजाम देने से पहले उसने साईं बाबा के दर्शन किए। इस पूरे वाकये का सीसीटीवी भी सामने आया है।

क्या है पूरा मामला?

महाराष्ट्र के वाशिम के मसला पेन इलाके में स्थित साईं मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। खास बात यह रही कि दानपेटी तोड़ने से पहले चोर ने जल्दबाजी में साई बाबा के दर्शन भी किए। घटना के बाद साईं भक्तों में भारी नाराजगी है और पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है।

बताया जा रहा है कि रात के समय अज्ञात चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा के लिए पहुंचे तो चोरी का पता चला। CCTV फुटेज में चोर साफ दिखाई दे रहा है। 

फुटेज में दानपेटी तोड़ने से पहले वह साईं बाबा की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर दर्शन करता हुआ भी नजर आता है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

साईं बाबा कौन हैं?

साईं बाबा एक आध्यात्मिक गुरु, संत और योगी थे, जिन्हें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों द्वारा समान रूप से पूजा जाता है। साईं शब्द फारसी का है, जिसका अर्थ संत या पवित्र व्यक्ति होता है। उन्होंने महाराष्ट्र के शिरडी में समाधि ली थी इसलिए उनका शिरडी में भव्य मंदिर बना हुआ है। 

वे शिरडी गांव आए थे और वहीं रहकर उन्होंने लोगों की सेवा की। उनसे हिंदू और मुस्लिम दोनों धर्मों के लोग प्यार करते हैं। उन्होंने सबको यही सिखाया कि "सबका मालिक एक है।" 

ऐसे में वाशिम के साईं मंदिर में चोरी के मामले से श्रद्धालुओं में नाराजगी है और वह चोर को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। अब देखना ये होगा कि पुलिस कब तक चोर को पकड़ पाती है। (रिपोर्ट- इमरान)

ये भी पढ़ें- 

शिरडी: साईं बाबा के चरणों में उद्योगपति अनंत अंबानी ने 5 करोड़ रुपए का चेक चढ़ाया, टेका माथा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।