A
Hindi News महाराष्ट्र अजित पवार प्लेन क्रैश की CBI करेगी जांच? सुनेत्रा पवार ने CM फडणवीस से मिलकर की मांग

अजित पवार प्लेन क्रैश की CBI करेगी जांच? सुनेत्रा पवार ने CM फडणवीस से मिलकर की मांग

अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत मामले में एक नया अपडेट सामने आया है। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर CBI जांच की मांग की है।

सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की मुलाकात- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की मुलाकात

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मौत मामले में अब एक नया घटनाक्रम सामने आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित गुट) ने इस विमान दुर्घटना की सीबीआई से जांच कराने मांग की है। अजित पवार की पत्नी और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर CBI जांच की मांग की है।

मंगलवार को सुनेत्रा पवार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में एनसीपी के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, वरिष्ठ मंत्री हसन मुश्रीफ और अजित पवार के बेटे पार्थ पवार भी शामिल थे। परिवार और पार्टी ने मुख्यमंत्री को एक औपचारिक निवेदन सौंपकर इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

सुनील तटकरे का बयान

एनसीपी (अजीत गुट) के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने बताया, "आज सुनेत्रा वाहिनी, प्रफुल्ल भाई, हसन मुश्रीफ और पार्थ पवार ने मुख्यमंत्री महोदय से भेंट की। दादा की आकस्मिक मृत्यु के संदर्भ में हमने उन्हें निवेदन दिया है कि इस पूरे प्रकरण की जांच CBI के माध्यम से कराई जाए।"

सीएम ने दिलाया भरोसा

उन्होंने आगे बताया, "मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भरोसा दिलाया है कि कल ही राज्य सरकार की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री को इस संदर्भ में आधिकारिक पत्राचार किया जाएगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी CBI के माध्यम से जो भी जांच कराना चाहती है, उस संदर्भ में मुख्यमंत्री के नाते कदम उठाए जाएंगे।"

बारामती में हुआ था विमान हादसा

बता दें कि अजित पवार की मृत्यु 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना के दौरान हुई थी। वह बारामती में जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से चार्टर्ड विमान Learjet 45 (VT-SSK) से रवाना हुए थे। सुबह लगभग 8:46 बजे बारामती एयरपोर्ट के रनवे-11 पर लैंडिंग के दूसरे प्रयास के दौरान विमान अचानक बेकाबू हो गया और खुले मैदान में क्रैश होकर भीषण आग की लपटों में घिर गया। जमीन से टकराते ही इसमें एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिससे विमान में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाने का मौका नहीं मिला।

अजित पवार समेत 5 लोगों की हुई थी मौत

इस भीषण हादसे में अजित पवार के अलावा उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO), एक सहायक और चालक दल के 2 सदस्यों (पायलट सुमित कपूर और को-पायलट शांभवी पाठक) सहित कुल 5 लोगों की जान चली गई थी। शुरुआती रिपोर्ट्स में दुर्घटना की संभावित वजह लो विजिबिलिटी और घना कोहरा बताया गया था। अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की थी और बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था।

ये भी पढ़ें-

बंगाल चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, BJP में शामिल हुए पूर्व NSG कमांडर समेत ये जाने-माने नाम

अजित पवार विमान हादसा को लेकर बड़ा खुलासा, आग में जलकर खाक हो गए थे फ्लाइट के दोनों वॉयस रिकॉर्डर