1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. चूड़ियां पहनाईं और लिपस्टिक लगाई, चलती ट्रेन में छेड़छाड़ करने वाले युवक को सिखाया अनोखा सबक; VIDEO

चूड़ियां पहनाईं और लिपस्टिक लगाई, चलती ट्रेन में छेड़छाड़ करने वाले युवक को सिखाया अनोखा सबक; VIDEO

भुसावल-वर्धा पैसेंजर मेमो ट्रेन में सफर के दौरान एक युवक ने एक युवती के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। घटना के बाद यात्रियों ने युवक के साथ मारपीट करने के बजाय अलग तरीके से विरोध जताया।

युवक को शर्मिंदा कर...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवक को शर्मिंदा कर सबक सिखाया गया।

महाराष्ट्र के अकोला जिले से महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां चलती ट्रेन में एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने वाले युवक को यात्रियों ने अनोखे अंदाज में सबक सिखाया। मारपीट करने के बजाय यात्रियों ने उसके हाथों में चूड़ियां पहनाईं और चेहरे पर लाली व होंठों पर लिपस्टिक लगाकर सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

युवती ने सुनाई खरी-खोटी

जानकारी के अनुसार, शेगांव से बडनेरा की ओर जा रही भुसावल-वर्धा पैसेंजर मेमो ट्रेन में सफर के दौरान एक युवक ने एक युवती के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। युवती ने घबराने के बजाय साहस दिखाते हुए तुरंत उसका विरोध किया और उसे खरी-खोटी सुनाई। युवती की आवाज सुनकर डिब्बे में मौजूद अन्य यात्री भी मौके पर पहुंच गए।

मारपीट के बजाय अलग तरीके से जताया विरोध

घटना के बाद यात्रियों ने युवक के साथ मारपीट करने के बजाय अलग तरीके से विरोध जताया। उन्होंने युवक के हाथों में चूड़ियां पहनाईं और उसके चेहरे पर लाली व होंठों पर लिपस्टिक लगाकर उसे सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा किया। इस दौरान ट्रेन में मौजूद किसी यात्री ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

वीडियो हुआ वायरल

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग युवती के साहस और यात्रियों की तत्परता की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई भी जरूरी है, ताकि दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो सके।

हालांकि, इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि आरोपी युवक के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं। फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में गुजरात के सूरत से ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। सूरत के अमरोली इलाके में एक 56 साल के बुजुर्ग ने 11 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ की। जिसके बाद महिला ने पुलिस के सामने उसकी पिटाई कर दी। 

(रिपोर्ट- गुलाम मोहसिन)

यह भी पढ़ें-

यूपी: हापुड़ में भाई के साथ जा रही हिंदू युवती से मुस्लिम युवकों ने की छेड़छाड़, दोनों पक्षों में हुई हिंसक झड़प