सूरत के अमरोली इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां आलू पूरी लेने गई 11 साल की मासूम बच्ची के अकेलेपन का फायदा उठाते हुए एक 56 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार ने अपनी विकृत मानसिकता का प्रदर्शन किया। आरोपी ने बच्ची के बाल ठीक करने के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ की। बुजुर्ग की गलत हरकत देखकर बच्ची वहां से निकल गई और परिवार को जानकारी दी। परिवार ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दुकान के सीसी टीवी देख बुजुर्ग आलू पूरी वाले को गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची से छेड़छाड़ के आरोपी को जब पुलिस लेकर जा रही थी तो स्थानीय लोग जुट गए और बुजुर्ग के खिलाफ नारेबाजी की। एक महिला ने बुजुर्द को जूतों से पीटा भी। इस दौरान वह पुलिस की गिरफ्त में था। हालांकि, पुलिसकर्मी आरोपी को सुरक्षित थाने ले गए।
क्या है मामला?
अमरोली क्षेत्र में श्रीजी लाइव आलूपिरी दुकान के मालिक दिनेश रामाणी की दुकान में दोपहर करीब 1 बजे 11 वर्षीय बच्ची दुकान पर आलू पूरी खरीदने गई थी। उस समय दुकान में अन्य कोई ग्राहक मौजूद नहीं थे। बच्ची को अकेला देख दुकान मालिक दिनेश रामाणी की नीयत बिगड़ गई। उसने बच्ची को बहला फुसलाकर दुकान के अंदर बुलाया और टेबल पर बिठा दिया। उसके बाद आरोपी ने बच्ची से कहा तुम्हारे बाल बिखर गए है, लाओ में ठीक कर देता हूं। उसी बहाने उसने बच्ची को अपने पास बुलाया और शारीरिक छेड़छाड़ करने लगा। अधेड़ की इस हरकत से डरी बच्ची वहां से भाग निकली।
पुलिस ने निकाला जुलूस
पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकाला तब महिलाओं का आक्रोश चरम पर था। एक महिला ने आरोपी को चप्पल से पीटा। लोगों ने पुलिस से मांग की कि आरोपी को कड़ी सजा मिले। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में आरोपी बुजुर्ग दुकानदार को बच्ची के साथ छेड़छाड़ करते हुए देखा जा सकता है।
(सूरत से शैलेष चांपानेरिया की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी की बड़ी जीत, जानें क्या हैं इसके मायने