1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अमीर बनने चले थे, हो गए गरीब! ढोंगी बाबा बोला- 'एक हजार दो, मिलेंगे 15 करोड़', फिर लगा लाखों का चूना

अमीर बनने चले थे, हो गए गरीब! ढोंगी बाबा बोला- 'एक हजार दो, मिलेंगे 15 करोड़', फिर लगा लाखों का चूना

पैसों की बारिश कराने का झांसा देकर मुंबई के एक परिवार से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में कथित भोंदू बाबा को अभोणा पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपी का नाम हरिश्चंद्र बर्डे है।

ढोंगी बाबा की तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER ढोंगी बाबा की तस्वीर

मुंबईः अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और जल्द से जल्द अमीर बनने का अंधा लालच! जब ये तीनों मिलते हैं, तो अंजाम क्या होता है? नासिक से आई इस सनसनीखेज खबर को देखकर आपके होश उड़ जाएंगे! एक हजार रुपये दो... दो लाख रुपये पाओ! और फिर होगी 15 करोड़ रुपये की पैसों की बारिश! जी हां, तांत्रिक शक्तियों और पैसों की बारिश का ऐसा ही मायाजाल बुना एक ढोंगी बाबा और उसके गिरोह ने मुंबई के सीधे-सादे परिवारों को झांसे में लिया। ढोंगी बाबा ने 11 लाख रुपये ऐंठे और जब करोड़ों की बोरी थमाई तो अंदर का सच देखकर पीड़ितों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

रुपयों की बारिश होने का दिया झांसा

ठगी का यह पूरा खेल मुंबई से शुरू हुआ। फर्जी बाबा हिराचंद बर्डे और उसके शातिर साथियों ने मुंबई के कुछ परिवारों को निशाना बनाया। भरोसा जीतने के लिए ढोंगी बाबा ने पहले एक 'छोटा चमत्कार' दिखाया। एक हजार रुपये लिए और बदले में 2 लाख रुपये थमा दिए। इस जादुई ट्रेलर को देखकर पीड़ित सम्मोहित हो गए। इसके बाद बाबा ने असली दांव खेला और दावा किया कि बड़ी पूजा-विधि के बाद 15 करोड़ रुपये की पैसों की बारिश होगी।

अमीर बनने के लालच में लुटा दिए लाखों रुपये

अमीर बनने की चाह में पीड़ितों ने कैश और ऑनलाइन मिलाकर कुल 10 लाख 95 हजार रुपये बाबा के चरणों में लुटा दिए। पूजा के नाम पर पीड़ितों को नासिक के अभोणा इलाके में बुलाया गया। घंटों चले ढोंग के बाद बाबा ने नोटों से भरी एक भारी-भरकम बोरी पीड़ितों को सौंपी। पीड़ित खुशी-खुशी घर पहुंचे। बाबा ने पीड़ितों को कहा कि एक हफ्ते तक इस बोरी को मत खोलना और 7 दिन बाद जैसे ही बोरी का जिप खुला करोड़ों की जगह अंदर से निकले 'चूरन वाले' यानी बच्चों के खेलने वाले नकली नोट। ठगी का अहसास होते ही जब पीड़ितों ने अपने असली पैसे मांगे, तो ढोंगी बाबा उन्हें तांत्रिक क्रिया का डर दिखाकर धमकाने लगा लेकिन पीड़ित डरे नहीं। उन्होंने तुरंत 'महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति' से संपर्क किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

अभोणा पुलिस ने ढोंगी बाबा हिराचंद बर्डे समेत 3 आरोपियों को दबोचा। जादूटोना विरोधी कड़ा कानून और BNS की धाराएं दर्ज की गई। तीनो को अदालत में पेश किया गया जहां कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस ढोंगी बाबा ने तांत्रिक जाल में फंसाकर और कितने मासूमों की गाढ़ी कमाई लूटी है। इससे पहले चंद्रपुर जिले में भी अंधविश्वास के नाम पर ठगी का खुलासा हुआ था। तंत्र-मंत्र के नाम पर एक महिला से 25 लाख 90 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया था।

ये भी पढ़ेंः मुंबई में 10.64 लाख की हाई-क्वालिटी नकली करेंसी बरामद, दोगुने दाम पर बेचते थे फेक नोट, एक गिरफ्तार

मुफ्त Wi-Fi यूज कर रहे हैं तो सावधान! ठगों ने ढूंढ़ा ठगी का नया तरीका, खाते से कट गए लाखों रुपये; भनक तक नहीं लगी