1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. चलती बस पर गिर गया विशालकाय पेड़, शीशे को चीरते हुए अंदर घुस गईं शाखाएं; 40 यात्री थे सवार

चलती बस पर गिर गया विशालकाय पेड़, शीशे को चीरते हुए अंदर घुस गईं शाखाएं; 40 यात्री थे सवार

चंद्रपुर में चलती बस पर विशालकाय पेड़ गिर गया। जिस समय बस पर पेड़ गिरा, उस समय उसमें 40 यात्री सवार थे। पेड़ की शाखाएं बस के आगे का शीशा तोड़ते हुए अंदर घुस गईं। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

चलती बस पर गिरा पेड़ - India TV Hindi
Image Source : REPORTER चलती बस पर गिरा पेड़

चंद्रपुर: चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर शहर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चंद्रपुर से आदिलाबाद जा रही तेलंगाना राज्य परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) की एक यात्री बस पर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर पड़ा। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। पेड़ की भारी शाखाएं बस के अगले हिस्से पर गिरते हुए सामने का कांच तोड़कर अंदर तक घुस गईं। हालांकि चालक की तत्परता और सूझबूझ के कारण सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।  

भरभराकर बस पर गिर पड़ा पेड़

यह घटना बल्लारपुर के सरकारी अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज आवाज के साथ पेड़ भरभराकर बस पर गिर पड़ा। इससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भयावह था कि यात्रियों की सांसें थम गईं लेकिन सौभाग्य से किसी को गंभीर चोट नहीं आई।  

Image Source : reporterचलती बस पर गिरा पेड़

ड्राइवर ने सूझबूझ से बचाई यात्रियों की जान

बस ड्राइवर मल्लेश यादव ने बताया कि जैसे ही उन्हें पेड़ गिरने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने तुरंत बस के ब्रेक लगा दिए। इसी वजह से पेड़ बस के अगले हिस्से पर गिर पड़ा। यदि बस कुछ फीट भी आगे बढ़ जाती तो पूरा पेड़ बस की छत पर गिर सकता था। इससे बड़ी जनहानि होने की आशंका थी।

Image Source : reporterचलती बस पर गिरा पेड़

3 घंटे तक जाम लगा रहा चंद्रपुर-तेलंगाना मुख्य मार्ग

इस हादसे के बाद चंद्रपुर-तेलंगाना मुख्य मार्ग पर करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर प्रशासन मौके पर पहुंचा और जेसीबी, क्रेन और कटर मशीन की सहायता से पेड़ की शाखाओं को काटकर हटाया गया। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। 

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सरकारी अस्पताल परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढों के कारण पेड़ की जड़ें एक ओर से कमजोर हो गई थीं। इस संबंध में संबंधित विभाग और ठेकेदार को कई बार मौखिक शिकायत भी की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई लगातार बारिश के बाद कमजोर हो चुका पेड़ आखिरकार सड़क पर गुजर रही बस पर गिर पड़ा। बता दें कि प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम खराब है। महाराष्ट्र के मालशेज घाट में तेज हवाओं के कारण बाइक सवार कुछ लोग रोड पर भी गिर गए। वहीं कुछ जगहों पर पेड़ भी गिर गए।  

रिपोर्ट- मिलिंद दिंन्डेवार, चंद्रपुर

ये भी पढ़ेंः मुंबई में कोस्टल रोड पर टनल के अंदर चलती कार में आग, सुरंग में लगा लंबा जाम; सामने आया वीडियो

नागपुर में चोरों ने 10 मिनट में उड़ाए 13 लाख रुपये, CCTV पर स्प्रे कर काटी ATM मशीन; वारदात के बाद का वीडियो भी आया सामने