1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. तेज हवा के झोंकों से कई बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े, पैदल चलने वालों को लेना पड़ा सहारा; सामने आया वीडियो

तेज हवा के झोंकों से कई बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े, पैदल चलने वालों को लेना पड़ा सहारा; सामने आया वीडियो

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jul 16, 2026 04:41 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 04:55 pm IST

महाराष्ट्र के मालशेज घाट का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बहुत तेज़ हवाएं चलती दिख रही हैं। वीडियो में दिख रहा है कि दो-पहिया वाहन चलाने वाले अपनी गाड़ियों का संतुलन बनाए रखने में मुश्किल का सामना करते हुए सड़क के किनारे रुकने को मजबूर हो जाते हैं।

आंधी से कई बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े - India TV Hindi
आंधी से कई बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े Image Source : REPORTER

महाराष्ट्र में प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध मालशेज घाट में बारिश के मौसम में घूमने जाने वाले पर्यटकों के लिए चिंता बढ़ाने वाली एक घटना सामने आई है। घाट के सुरंग के पास तेज़ हवाओं का वेग इतना अधिक था कि कई बाइक सवार अपने वाहनों पर नियंत्रण नहीं रख सके और सड़क पर गिर पड़े। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पर्यटकों में भय का माहौल बन गया है। 

आंधी के कारण बाइक रोड पर गिरे

दरअसल, बारिश के मौसम में झरनों और हरियाली का आनंद लेने के लिए हजारों पर्यटक मालशेज घाट पहुंचते हैं। लेकिन इसी घाट के सुरंग के पास स्थित एक खतरनाक मोड़ पर तेज़ हवाओं ने भारी कहर बरपाया। वायरल वीडियो में अचानक आए तेज़ हवा के झोंकों के कारण कई बाइक सवार सड़क पर गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ वाहन चालक अपनी बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाए, जबकि कुछ लोगों के लिए खड़े रहना भी मुश्किल हो गया। हवा की रफ्तार इतनी तेज़ थी कि पैदल चल रहे लोगों को भी ज़मीन का सहारा लेना पड़ा।

घटना के दौरान स्थानीय लोगों और अन्य पर्यटकों ने तत्परता दिखाते हुए सड़क पर गिरे बाइक सवारों की मदद के लिए दौड़ लगाई। उन्होंने अपने वाहन रोककर घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में सहायता की। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, वायरल हुए इस वीडियो ने एक बार फिर मालशेज घाट में तेज़ हवाओं की भयावहता को उजागर कर दिया है।

यहां देखें वीडियो 

इस बीच प्रशासन ने बारिश के मौसम में मालशेज घाट से यात्रा करने वाले वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने, वाहन की गति नियंत्रित रखने और मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा करने की अपील की है। बता दें कि मौसम विभाग ने आज महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले प्रदेश में झमाझम बारिश से कई जगहों पर जलजमाव भी हो गया था। 

लोकप्रिय मानसून डेस्टिनेशन है मालशेज घाट

बता दें कि पुणे-ठाणे बॉर्डर पर कल्याण-अहमदनगर हाईवे (NH-61) पर स्थित मालशेज घाट, महाराष्ट्र के सबसे लोकप्रिय मानसून डेस्टिनेशन में से एक है। पुणे से लगभग 120 किमी और मुंबई से लगभग 130 किमी दूर स्थित यह पहाड़ी दर्रा अपनी हरी-भरी घाटियों, धुंध से ढकी पहाड़ियों, झरनों और घुमावदार सड़कों के लिए जाना जाता है, जो हर बारिश के मौसम में हज़ारों पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हालांकि, मानसून के दौरान घनी धुंध, भारी बारिश और तेज़ हवाएं भी चलती हैं, जिससे घाट से गुज़रना मुश्किल हो जाता है। 

रिपोर्ट- सुनील शर्मा

यह भी पढ़ेंः महाराष्ट्र के रायगढ़ में बाढ़ के पानी में बह गए करीब 3 हजार LPG गैस सिलेंडर, वीडियो हुआ वायरल

मुंबई में भारी बारिश के बाद जलाशयों के जलस्तर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी, कुछ ही दिन पहले था जलसंकट

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।