राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद नासिक के येवला में छगन भुजबल समर्थकों की नाराजगी खुलकर सामने आई है। येवला शहर में “साहेब निर्णय लीजिए” लिखे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनकी राजनीतिक गलियारों में जोरदार चर्चा हो रही है। ऐन वक्त पर छगन भुजबल का नाम राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची से बाहर होने के बाद समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई है।
'मैं कबड्डी खिलाड़ी हूं, शतरंज खिलाड़ी नहीं'
वहीं, छगन भुजबल ने सोमवार को इस बात से इनकार किया कि राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार नहीं बनाए जाने से वह नाराज हैं। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ''मैं कबड्डी खिलाड़ी हूं, शतरंज खिलाड़ी नहीं।'' उन्होंने कहा कि भविष्य में उन्हें संसद में जाने का अवसर मिल सकता है।
पोस्टरों के जरिए क्या कहना चाहते हैं समर्थक?
बता दें कि 18 जून को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए छगन भुजबल का नाम चर्चा में था, लेकिन आखिरकार NCP ने राजेंद्र जैन को उम्मीदवार बनाया। छगन भुजबल ने अपने भतीजे और पूर्व सांसद समीर भुजबल को महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद देने की मांग रखी थी। मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद राजेंद्र जैन को उम्मीदवार बनाए जाने से भुजबल समर्थक नाराज बताए जा रहे हैं। पोस्टरों के जरिए समर्थकों ने छगन भुजबल से आगे की राजनीतिक भूमिका और निर्णय को लेकर संकेत देने की मांग की है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि छगन भुजबल इस पूरे घटनाक्रम के बाद कोई बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें-
"लोगों को किस्तों में झटके देना, राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी", LPG की कीमतों में बढ़ोतरी पर भड़के शरद पवार
फडणवीस सरकार का बड़ा फैसला, OBC की तरह अब मराठा समाज को भी तमाम रियायतें; पढ़ें किन योजनाओं का मिलेगा लाभ