1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई लोकल में दरवाजे पर खड़े होने को लेकर जमकर मारपीट, चलती ट्रेन से नीचे गिरा एक यात्री; VIDEO वायरल

मुंबई लोकल में दरवाजे पर खड़े होने को लेकर जमकर मारपीट, चलती ट्रेन से नीचे गिरा एक यात्री; VIDEO वायरल

मुंबई की भीड़ भरी लोकल ट्रेन में एक छोटी-सी बात ने बड़ा रूप ले लिया। दो यात्रियों के बीच सिर्फ दरवाजे पर खड़े होने को लेकर बातों-बातों में झगड़ा इतना बिगड़ा कि दोनों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसी दौरान एक यात्री संतुलन खो बैठा और चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।

mumbai local train- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मुंबई लोकल में यात्रियों के बीच जमकर मारपीट।

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चर्चगेट से विरार जा रही फास्ट लोकल ट्रेन में गुरुवार रात करीब 10:30 बजे यात्रियों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त लोकल ट्रेन मुंबई सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म से गुजर रही थी और ट्रेन की रफ्तार कम थी। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया।

दरवाजे पर खड़े होने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, ग्रांट रोड और मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होने को लेकर दो यात्रियों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों यात्रियों के बीच चलती लोकल में जमकर हाथापाई होने लगी। इसी दौरान उनमें से एक यात्री ट्रेन से बाहर गिर गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

इस घटना के बाद लोकल ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोकल ट्रेन में यात्री आपस में लड़ते देखे जा सकते हैं। मुंबई लोकल में भीड़ और यात्रियों के बीच होने वाले विवादों के बीच इस घटना ने एक बार फिर चलती ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुंबई लोकल ट्रेन में चाकू मारकर युवक की हत्या

इस घटना के कुछ महीने पहले ही मुंबई लोकल ट्रेन में चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई थी। तेज बारिश के कारण पानी ट्रेन के अंदर आ रहा था। आरोपी और मृतक मयंक लोहार के बीच दरवाजा बंद करने को लेकर बहस हुई थी। गुस्से में आकर आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकालकर मयंक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

महिलाओं में हुई थी भयंकर लड़ाई

पिछले साल पहले भी मुंबई लोकल का ही एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें दो महिलाओं के बीच में भयंकर लड़ाई हुई थी। वो लड़ाई दोनों के बीच में सीट को लेकर हुई थी। पहले दोनों के बीच में बहस हुई और देखते ही देखते उस बहस ने भयंकर लड़ाई का रूप ले लिया। वो लड़ाई इतनी भयंकर थी कि उसमें एक महिला के सिर से बुरी तरह से खून भी निकल गया था। उसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

यह भी पढ़ें-

मुंबई लोकल में सीट पाने के लिए महिला ने लगाया ऐसा जुगाड़, देखकर सन्न रह गए पैसेंजर; Video हुआ वायरल

तेज रफ्तार दौड़ती मुंबई लोकल ट्रेन से कूद गई फेमस एक्ट्रेस, हुआ ऐसा हाल, 'प्यार का पंचनामा' से मिला फेम