A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. घर में चल रही थी शादी की तैयारी और मौसी-भांजी की हो गई मौत, सोते समय सांप ने डसा; मुंबई में खौफनाक घटना

घर में चल रही थी शादी की तैयारी और मौसी-भांजी की हो गई मौत, सोते समय सांप ने डसा; मुंबई में खौफनाक घटना

मुंबई के डोंबिवली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मौसी के साथ सो रही प्राणवी को सांप ने काट लिया। वह नहीं बता पाई कि उसे क्या हुआ है और क्यों रो रही है, इसके कुछ ही देर में मौसी को भी सांप ने डस लिया।

मौसी-भांजी की फाइल...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मौसी-भांजी की फाइल फोटो।

मुंबई से जुड़े कल्याण के डोंबिवली में हुई दोहरी सर्पदंश की हृदयविदारक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। तीन साल की प्राणवी और उसकी 24 साल की उसकी मौसी श्रुति ठाकुर की सांप के डंसने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए केडीएमसी की मुख्य वैद्यकीय अधिकारी दीपा शुक्ल के कार्यालय में जाकर बैठक आंदोलन किया, जिससे कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण हो गया था। 

सो रही मासूम को सांप ने डसा, मौसी को काटा तब चला पता

बता दें कि रविवार सुबह सोते समय 3 साल की प्राणवी को सांप ने डंस लिया था। जब वह रोने लगी तो मौसी श्रुति ने उसे उसकी मां के पास भेज दिया। शुरुआत में तो ठीक से पता नहीं चला कि क्या हुआ था लेकिन जब श्रुति उसी जगह सोने गई और उसे भी सांप ने डंसा तो सभी को पता चला कि प्राणवी और श्रुति दोनों को सांप ने ही डंसा हैं। दोनों को तुरंत केडीएमसी के शास्त्री नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है, लेकिन इलाज के दौरान प्राणवी की हालत अचानक बिगड़ गई और उसे ठाणे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान प्राणवी की मौत हो गई।

अगले महीने होने वाली थी शादी

इस बीच, श्रुति का भी एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन रात में उसकी भी मौत हो गई। लगातार 2 दिन में मौसी और भतीजी की मौत से आजदे गांव में मातम पसर गया है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि अगले महीने श्रुति की शादी होने वाली थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। अचानक हुई इस त्रासदी ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने केडीएमसी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

(कल्याण से सुनील शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

सांप से खिलवाड़ जान पर पड़ी भारी, जीभ पर डसने से शख्स की हुई मौत; सामने आया VIDEO

गले में सांप लपेटकर वीडियो बना रहा था शख्स, कोबरा के काटने से हुई मौत; VIDEO आया सामने