बोलांगीर: ओडिशा के बोलांगीर जिले के सिंधेखेला इलाके से एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक स्थानीय स्नेक कैचर की सांप के डसने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष चांदा के रूप में हुई है, जो सिंधेखेला गांव के साहूपाड़ा इलाके के रहने वाले थे। संतोष चांदा गांव और आसपास के इलाके में सांप पकड़ने की कला के लिए जाने जाते थे। जब भी किसी घर या खेत में सांप दिखता था, तो लोग सबसे पहले संतोष को ही बुलाते थे। उनका काम लोगों की मदद करना था, लेकिन इस बार वही कला उनकी जान की दुश्मन बन गई।
दरअसल, बुधवार शाम को एक गांव वाले के घर में एक जहरीला सांप घुस गया था। गांव वालों ने तुरंत संतोष को बुलाया। संतोष ने साहस दिखाते हुए सांप को सुरक्षित पकड़ लिया, लेकिन इसके बाद उन्होंने एक बहुत ही खतरनाक कदम उठा लिया। संतोष सांप को लेकर गांव के चौक पर पहुंच गए और वहां इकट्ठा भीड़ के सामने अपने कौशल का प्रदर्शन करने लगे। लोग उन्हें देखकर हैरान थे, लेकिन तभी एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। प्रदर्शन के दौरान, सांप ने अचानक संतोष की जीभ पर डस लिया, जिससे वो तुरंत जमीन पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने संतोष को गंभीर हालत में भवानीपटना अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन सांप का जहर फैल चुका था। थोड़ी ही देर में डॉक्टरों ने संतोष को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। संतोष को लोग बहादुर और निस्वार्थ व्यक्ति मानते थे। लेकिन उनकी यह दुखद मौत एक बड़ा सबक भी छोड़ गई है। स्वास्थ्य विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की कि ऐसे खतरनाक जीवों से बिल्कुल भी मजाक न करें। जहरीले सांप बेहद अस्थिर और खतरनाक होते हैं। सांप से खेलना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है। (इनपुट- शुभम कुमार)
संपादक की पसंद