1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. रायगढ़ के दिवेआगर बीच में डूबने से 8 छात्रों की मौत, सभी के शव बरामद; पुणे से पिकनिक मनाने आए थे

रायगढ़ के दिवेआगर बीच में डूबने से 8 छात्रों की मौत, सभी के शव बरामद; पुणे से पिकनिक मनाने आए थे

रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर एक बड़ा हादसा हुआ है। खबर है कि पुणे से पिकनिक पर आए 8 कॉलेज छात्र डूब गए हैं। बताया जा रहा है कि पानी की गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण वे सभी डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी आठ छात्रों के शव समुद्र से निकाल लिए गए हैं।

रायगढ़ के दिवेआगर...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रायगढ़ के दिवेआगर समुद्र तट पर दर्दनाक हादसा।

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के फेमस दिवेआगर बीच पर एक दुखद घटना हुई है। पिकनिक पर आए 8 छात्रों की रायगढ़ के दिवेआगर समुद्र तट पर डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी शव बरामद कर लिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पुणे के आलंदी से ये 8 छात्र दिवेआगर आए थे। छात्र समुद्र में तैरने के लिए उतरे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण वे सभी डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी आठ छात्रों के शव समुद्र से निकाल लिए गए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

दरअसल, एक प्राइवेट कोचिंग क्लास ने दिवेआगर के लिए एक ट्रिप का आयोजन किया था। पुणे के आलंदी इलाके की 'विनर्स' प्राइवेट कोचिंग क्लास का एक ग्रुप घूमने के लिए दिवेआगर आया था। कुछ छात्र समुद्र का मजा लेने के लिए पानी में उतरे लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण उनमें से आठ छात्र डूब गए। स्थानीय वॉटर स्पोर्ट्स मालिक की तत्परता से शव बाहर निकाले गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों में खलबली मच गई। दिवेआगर स्थित ‘भाऊ मारुती सालुंखे महाकाली वाटर स्पोर्ट्स’ के मालिक और उनके सहयोगियों ने समुद्र में खोज अभियान चलाया। 

Image Source : reporter inputसभी छात्रों के शव निकाले गए।

दम घुटने से सभी की मौत

जैसे ही पता चला कि छात्र डूब रहे हैं, बीच पर मौजूद 'महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स' के कर्मचारी और स्थानीय लोग तुरंत समुद्र में कूद पड़े। उन्होंने बचाव अभियान शुरू किया और डूबते हुए छात्रों को बाहर निकालने की बहुत कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद सभी आठों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दम घुटने से उन सभी की मौत हो चुकी थी।

घटना की जांच कर रही पुलिस

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही दिघी सागरी बोर्ली पंचतन पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष आवटी अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी शव अपने कब्जे में ले लिए और आगे की चिकित्सकीय तथा कानूनी प्रक्रिया के लिए बोर्ली पंचतन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित कर दिया। फिलहाल पुलिस इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जांच कर रही है।

वहीं, एक अन्य मामले में पश्चिम बंगाल के आसनसोल में दोस्तों के साथ डैम घूमने गए कॉलेज छात्र के लिए नहाने का फैसला जानलेवा साबित हुआ। 20 वर्षीय सुप्रियो चक्रवर्ती की डूबने से मौत हो गई।

यह भी पढ़ें-

श्राद्ध कर्म के दौरान झांसी के मऊरानीपुर की सुखनई नदी में बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की डूबने से मौत

नागपुर में नहाने गए तीन मजदूर तालाब में डूबे, दो का शव बरामद; एक की तलाश जारी