1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बाराबनी के मंझरा डैम में डूबे कॉलेज छात्र का शव बरामद, रविवार को नहाने के दौरान हुआ था हादसा

बाराबनी के मंझरा डैम में डूबे कॉलेज छात्र का शव बरामद, रविवार को नहाने के दौरान हुआ था हादसा

 Published : Sep 28, 2026 03:24 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 03:24 pm IST

बाराबनी के काशकुली मंझरा डैम में रविवार को डूबे कॉलेज छात्र का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। छात्र छह सहपाठियों के साथ डैम पहुंचा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Barabani dam accident- India TV Hindi
मंझरा डैम में डूबने से कॉलेज छात्र की मौत Image Source : REPORTER INPUT

रविवार को दोस्तों के साथ डैम घूमने पहुंचे कॉलेज छात्र के लिए नहाने का फैसला जानलेवा साबित हुआ। पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित बाराबनी ब्लॉक के काशकुली मंझरा डैम में डूबे कॉलेज छात्र का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय सुप्रियो चक्रवर्ती के रूप में हुई है। वह दुर्गापुर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र था। बताया जा रहा है कि मृतक को डैम में पानी ज्यादा होने के कारण चेताया गया था। जानिए क्या है पूरा मामला। 

गहरे पानी में डूबने से हुई मौत

जानकारी के मुताबिक, सुप्रियो अपने करीब छह सहपाठियों के साथ रविवार 27 सितंबर की दोपहर तीन बजे के बाद काशकुली स्थित डैम पहुंचा था। स्थानीय लोगों ने छात्रों को डैम के पानी में उतरने से मना किया था। हालांकि, इसके बावजूद छात्र पानी में उतर गए। इसी दौरान अचानक सुप्रियो गहरे पानी में डूब गया।

कई घंटे की मशक्कत के बाद पानी में मिला शव

रविवार शाम अंधेरा हो जाने के कारण तत्काल शव की तलाश संभव नहीं हो सकी। सोमवार सुबह पुलिस, सिविल डिफेंस और विशेष टीम ने डैम में तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने पानी से सुप्रियो का शव बरामद कर लिया।

इकलौता बेटा था सुप्रियो

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, सुप्रियो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता दिव्येंदु चक्रवर्ती आसनसोल के व्यवसायी हैं, जबकि उसकी मां कुल्टी के एक स्कूल में शिक्षिका हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक जांच की जा रही है।

दामोदर नदी में नहाने के दौरान डूबे थे 3 छात्र

इससे पहले एक हादसे में जून माह में नदी में डूबने से 10वीं के तीन छात्रों की मौत हो गई थी। यह घटना आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत डिसरगढ़ में घटी। जानकारी के मुताबिक, नियामतपुर के एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के आठ छात्र शनिवार को स्कूल नहीं आए थे। आरोप है कि इसी कारण सोमवार को उन्हें स्कूल में प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद सभी छात्र डिसरगढ़ स्थित नदी किनारे मैदान में क्रिकेट खेलने चले गए। इसके बाद तीन छात्र नदी में नहाने के लिए चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही इन बचाव अभियान भी चलाया गया लेकिन इसमें सफलता नहीं मिल सकी।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ेंः बीरभूम में बीजेपी नेता की पॉइंट-ब्लैंक रेंज से गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।