मुंबई: IIT बॉम्बे ने छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को टाल दिया है। संस्थान की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, 26 और 27 सितंबर को होने वाली परीक्षाएं अब 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी। यह फैसला छात्रों के प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद लिया गया है। संस्थान ने बताया कि परीक्षा स्थगित करने का मकसद नई समिति को परीक्षा के दौरान निगरानी करने वाले शिक्षकों के लिए स्पष्ट SOP तैयार करने के लिए पर्याप्त समय देना है। इस समिति में छात्रों को भी बराबर प्रतिनिधित्व दिया गया है।
परीक्षा में नकल के मामलों के लिए बनेंगे स्पष्ट नियम
IIT बॉम्बे के मुताबिक, संशोधित दिशा-निर्देशों में अकादमिक नियमों के उल्लंघन यानी परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े मामलों के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ऐसे मामलों में सभी छात्रों के साथ निष्पक्ष और एक जैसे तरीके से कार्रवाई हो। फैकल्टी सदस्यों ने भी कहा है कि संदिग्ध अकादमिक दुर्व्यवहार के मामलों को संभालने के लिए स्टेप-बाय-स्टेप निर्देश होने चाहिए। इनमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि किसी मामले की शुरुआत से लेकर उसके अंतिम चरण तक किस प्रक्रिया का पालन किया जाए।
साहिल वाकोडे की मौत के बाद शुरू हुआ विरोध
IIT बॉम्बे में यह पूरा विवाद दूसरे वर्ष के बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद शुरू हुआ। 18 सितंबर को एक परीक्षा के दौरान साहिल पर कथित तौर पर नकल करने का आरोप लगा था। इसके बाद उसी दिन कुछ घंटे बाद वह अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था। बता दें कि एक CCTV भी सामने आया है जिसमें साहिल जेब में रखी किसी चीज को देखने के लिए झुका था। साहिल के माता-पिता ने दावा किया है कि उसने अपने परिजनों को बताया था कि उसे जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियों और कथित जातिगत गालियों का सामना करना पड़ा था। परिवार ने IIT बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदारे और प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
10 सदस्यीय हाईलेवल कमेटी भी गठित
साहिल वाकोडे की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच के लिए IIT बॉम्बे ने बुधवार को 10 सदस्यीय हाईलेवल कमेटी भी गठित की है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। इस बीच, मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला ऐसे समय आया है, जब संस्थान में छात्रों का विरोध जारी है। नई समिति परीक्षा व्यवस्था, नकल के आरोपों से जुड़े मामलों और इन्विजिलेटर्स के लिए स्पष्ट प्रक्रिया तैयार करेगी। इसके बाद SOP और नए नियमों को सीनेट के सामने मंजूरी के लिए रखा जाएगा। इस तरह 26-27 सितंबर की प्रस्तावित परीक्षाएं अब 10-11 अक्टूबर को होंगी।
ये भी पढ़ें: IIT बॉम्बे में अब बदल जाएगी हॉस्टल की व्यवस्था, कमरों को लेकर आएगा नया नियम, छात्र की आत्महत्या के बाद तैयारी