1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. IIT बॉम्बे में अब बदल जाएगी हॉस्टल की व्यवस्था, कमरों को लेकर आएगा नया नियम, छात्र की आत्महत्या के बाद तैयारी

IIT बॉम्बे में अब बदल जाएगी हॉस्टल की व्यवस्था, कमरों को लेकर आएगा नया नियम, छात्र की आत्महत्या के बाद तैयारी

 Reported By: Rajesh Kumar,  Written By: Subhash Kumar
 Published : Sep 24, 2026 11:32 am IST,  Updated : Sep 24, 2026 11:40 am IST

IIT बॉम्बे में छात्र की आत्महत्या के बाद से हंगामा मचा हुआ है। अब संस्थान में हॉस्टल की व्यवस्था बदलने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, हॉस्टल के कमरों को लेकर नया नियम आएगा।

IIT Bombay Hostel arrangements- India TV Hindi
IIT बॉम्बे में हॉस्टल के नियम बदलेंगे। Image Source : ANI

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के सुसाइड केस की जांच तेज हो गई है। मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच एक-एक सीसीटीवी खंगालने में जुट गई है...परीक्षा हॉल...कैंपस और हॉस्टल के CCTV फुटेज को जोड़कर उस दिन की पूरी टाइमलाइन तैयार कर रही है .वहीं मामले में जल्द प्रोफेसर दुल्ला से पूछताछ हो सकती है। इस बीच ये भी जानकारी सामने आई है कि IIT बॉम्बे में हॉस्टल की व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। संस्थान हॉस्टल के कमरों में दो-दो छात्रों को रखने की योजना बना रहा है।

क्या नियम बदलेंगे?

सामने आई जानकारी के अनुसार, आईआईटी बॉम्बे में हॉस्टल की व्यवस्था बदलने की तैयारी हो रही है। अब संस्थान में हर ईयर के छात्रों को एक कमरे में दो-दो रखने की योजना है। अभी आमतौर पर सिर्फ पहले साल में दो छात्र एक कमरे में रहते हैं, उसके बाद उन्हें अलग-अलग कमरा मिल जाता है। जानकारी के मुताबिक, आईआईटी बॉम्बे में आगे बनने वाले नए हॉस्टल भी इसी तरह बनाए जाएंगे।

साहिल वाकोडे की मौत के बाद छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और अकेलेपन को लेकर उठी चिंता के बीच सोमवार को ओपन हाउस में निदेशक और छात्रों के बीच इस पर चर्चा हुई। इसके साथ ही छह हॉस्टल और वेलनेस सेंटर में सलाह लेने का समय बढ़ाया गया है। जरूरत पड़ने पर छात्र बाहर से भी सलाह ले सकेंगे और उसका खर्च संस्थान उठाएगा। संस्थान शिक्षकों और विशेषज्ञों से बात कर ऐसे और कदमों की तैयारी कर रहा है, जिन्हें तुरंत लागू किया जा सके।

प्रोफेसर दुल्ला से हो सकती है पूछताछ 

मुंबई क्राइम ब्रांच एग्जाम हॉल, कैंपस और हॉस्टल के CCTV फुटेज को आपस में जोड़कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी समझने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने भी साहिल के पेरेन्ट्स का बयान दर्ज कर लिया है जिन्होंने प्रोफेसर दुल्ला पर साहिल को परेशान करने का आरोप लगाया है। ऐसे में पुलिस प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला से भी पूछताछ कर सकती है। बता दें कि प्रोफेसर सूर्यनारायण को छुट्टी पर भेज दिया गया है।आईआईटी बॉम्बे ने भी इस केस की इंटरनल इन्क्वायरी शुरू कर दी है और 10 सदस्यों की एक हाईलेवल कमेटी गठित की गई है। कमेटी 7 दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी और उसके बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। जांच कमेटी स्टूडेंट्स से भी बात करेगी और प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला का भी पक्ष सुनेगी। लेकिन उनके सपोर्ट में कई फैकल्टी और पूर्व टीचर्स उतर आए हैं जिनका मानना है कि मामले में प्रोफेसर दुल्ला की कोई गलती नहीं है। बेवजह मामले को जाति का मुद्दा बनाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- IIT छात्र मौत मामला, जेब में रखी किसी चीज को देखने के लिए झुका था साहिल, CCTV आया सामने

IIT बॉम्बे में विवाद के बीच चर्चा में आया प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला का पुराना ईमेल, छात्रों से की थी बड़ी अपील

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।