1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. IIT बॉम्बे में विवाद के बीच चर्चा में आया प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला का पुराना ईमेल, छात्रों से की थी बड़ी अपील

IIT बॉम्बे में विवाद के बीच चर्चा में आया प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला का पुराना ईमेल, छात्रों से की थी बड़ी अपील

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Sep 23, 2026 12:35 pm IST,  Updated : Sep 23, 2026 12:49 pm IST

IIT बॉम्बे में छात्र की आत्महत्या के बाद संस्थान के प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला विवादों में आ गए हैं। हालांकि, विवाद के बीच प्रोफेसर दुल्ला की ओर से छात्रों को भेजा गया एक पुराना ईमेल सामने आया है जो कि चर्चा में है।

IIT Bombay Prof Doolla old email- India TV Hindi
प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला का पुराना ईमेल चर्चा में। Image Source : INDIA TV/PTI

IIT बॉम्बे के स्टूडेंट साहिल वाकोडे के सुसाइड केस की जांच तेज हो गई है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाले कुछ छात्रों के बयान दर्ज किए हैं। जानकारी के मुताबिक, एक्जामिनेशन हॉल में मौजूद छात्रों और साहिल के दोस्तों के बयान लिए गए हैं। बता दें कि साहिल की आत्महत्या को लेकर उसके माता-पिता ने IIT बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला पर कई बड़े आरोप लगाए हैं। हालांकि, इस पूरे विवाद के बीच प्रोफेसर सूर्यनारायण का एक पुराना ईमेल सामने आया है जो कि चर्चा का विषय बन गया है। इस ईमेल में प्रोफेसर ने छात्रों को किसी भी तरह के भेदभाव से बचने की सलाह दी थी। 

ईमेल में क्या लिखा है?

IIT बॉम्बे मामले में साहिल का परिवार प्रोफेसर सूर्यनारायण पर आरोप लगा रहा है, उनके खिलाफ SC/ST एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा प्रोफेसर दुल्ला को छुट्टी पर भी भेज दिया गया है। हालांकि, प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला पर गंभीर आरोपों के बीच उनका एक पुराना ईमेल सामने आया है। यह ईमेल 27 जुलाई 2024 को दुल्ला ने IIT बॉम्बे के Dean of Student Affairs के तौर पर छात्रों को भेजा था। ईमेल में कैंपस में जाति, धर्म और सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी भी तरह के भेदभाव से बचने की सलाह दी गई थी।

  1. ईमेल में प्रोफेसर दुल्ला ने छात्रों से कहा था कि किसी साथी छात्र से उसकी जाति, जन्म या एडमिशन कैटेगरी, JEE (Advanced) रैंक या GATE स्कोर के बारे में पूछना उचित नहीं है। उन्होंने कहा था कि ऐसे सवाल भले ही जिज्ञासा के चलते पूछे जाएं, लेकिन इनसे सामने वाले छात्र के प्रति पूर्वाग्रह या भेदभाव की स्थिति पैदा हो सकती है।
  2. ईमेल में छात्रों को कैंपस में एक-दूसरे के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की सलाह दी गई थी। डूला ने खास तौर पर जाति, धर्म, लिंग और सामाजिक पहचान से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर सावधानी बरतने को कहा था।
  3. प्रोफेसर दुल्ला ने छात्रों को जातिवादी, धार्मिक, सेक्सिस्ट या किसी व्यक्ति की sexual orientation को लेकर आपत्तिजनक jokes, messages या अन्य सामग्री शेयर अथवा फॉरवर्ड नहीं करने की भी हिदायत दी थी।
  4. ईमेल में स्पष्ट किया गया था कि इस तरह की सामग्री कैंपस के माहौल को प्रभावित कर सकती है और ऐसे मामलों में संस्थान की ओर से गंभीर कार्रवाई की जा सकती है।

IIT Bombay Prof Doolla old email
Image Source : REPORTERप्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला का ईमेल।

चर्चा में आया पुराना ईमेल

यह पुराना ईमेल ऐसे समय सामने आया है जब IIT बॉम्बे से जुड़े मौजूदा मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। ऐसे में 2024 में छात्रों को भेजा गया उनका यह ईमेल चर्चा में आ गया है। ईमेल से यह पता चला है कि उस समय Dean of Student Affairs के रूप में दुल्ला ने छात्रों को कैंपस में जाति, धर्म, सामाजिक पृष्ठभूमि और व्यक्तिगत पहचान के आधार पर भेदभाव से बचने तथा संवेदनशील व्यवहार करने की सलाह दी थी।

ये भी पढ़ें- IIT छात्र सुसाइड मामला, साहिल के माता-पिता का आरोप-हमारे बेटे को टारगेट किया जा रहा था

‘उन्होंने नियमों के मुताबिक कार्रवाई की’, प्रोफेसर दुल्ला के सपोर्ट में उतरे फैकल्टी फोरम प्रेसिंडेंट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।