1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिलने पर सियासी घमासान तेज! विपक्षी नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप

इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिलने पर सियासी घमासान तेज! विपक्षी नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप

एक्टर इमरान खान को FRRO की तरफ से भारत छोड़ने का नोटिस मिलने पर महाराष्ट्र में सियासी घमासान तेज हो गया है। AIMIM और कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि मुसलमान होने के कारण इमरान खान को टारगेट किया जा रहा है।

imran khan- India TV Hindi
Image Source : PTI/ANI (फाइल फोटो) इमरान खान को लेकर महाराष्ट्र के राजनेताओं की बयानबाजी देखने को मिली।

बॉलीवुड एक्टर इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुंबई में एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद FRRO ने उन्हें 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। वहीं, इमरान खान की टीम इस नोटिस को 16 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रही है। उधर, इस मामले पर महाराष्ट्र में सियासी घमासान तेज हो गया है। AIMIM और कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया कि मुस्लिम होने की वजह से इमरान खान को निशाना बनाया जा रहा है।

इमरान, इंद्रजीत होते तो क्या उनके खिलाफ होती कार्रवाई- वारिस

AIMIM नेता वारिस पठान ने आरोप लगाया कि इमरान खान को मुस्लिम होने की वजह से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इमरान खान आतंकवादी हैं? वे अपने हाथ में हथियार लेकर नहीं, बल्कि तिरंगा लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर इमरान खान का नाम इंद्रजीत होता, तो क्या उनके खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई होती?

मुस्लिम होने की वजह से निशाना बनाना गलत- हुसैन दलवई

वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद हुसैन दलवई ने कहा कि अगर इमरान खान ने वीजा की शर्तों या किसी कानून का उल्लंघन किया है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। लेकिन सिर्फ मुस्लिम होने और विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण उन्हें निशाना बनाना गलत है।

बासित अली ने की और कड़ी कार्रवाई की मांग

गौरतलब है कि बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बासित अली ने कहा कि भारत में आकर अशांति फैलाने या कानून तोड़ने वाले किसी भी विदेशी नागरिक के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इमरान खान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की। बासिल अली बोले कि पीएम और गृहमंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे और कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।

राजनीतिक बदले की भावना से नहीं हुई कार्रवाई-  योगेश कदम

महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि यह कार्रवाई किसी राजनीतिक बदले की भावना से नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इमरान खान को दिए गए वीजा की शर्तों के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई की गई है और इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। फिलहाल, इमरान खान की टीम कानूनी लड़ाई की तैयारी कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मामला अदालत के साथ-साथ महाराष्ट्र की राजनीति में भी और गरमा सकता है।

ये भी पढ़ें- 'पाकिस्तान से आ रही फंडिंग', इमरान खान पर किरीट सोमैया का सनसनीखेज दावा, बोले- भारत में बवाल की साजिश