महाराष्ट्र के जलगांव में कावड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। जलगांव शहर के ममुराबाद रोड पर कांवड़ यात्रा में शामिल एक 10 साल के बच्चे की तेज रफ़्तार ट्रक ने कुचल दिया। मृतक की पहचान जलगांव के गवलीवाड़ा के रहने वाले प्रबल राजेश गवली के तौर पर हुई है। हादसा सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ।
भीड़ ने ड्राइवर को पीटा
प्रबल कावड़ यात्रा में शामिल था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रबल की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने उसी ट्रक में आग लगा दी जिसने प्रबल को कुचला था। यह भी खबर है कि इस दौरान ट्रक ड्राइवर को भी पीटा गया। बताया जा रहा है कि मौके पर मोबाइल फोन पर शूटिंग कर रहे कुछ युवकों को भी भीड़ ने पीटा।
शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
इस बीच, गुस्साए लोगों ने प्रबल के शव को सड़क पर रखकर रोड जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रही भीड़ की मांग थी कि ड्राइवर को उन्हें सौंप दिया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सड़क जाम होने की वजह से सड़क के दोनों तरफ ट्रैफिक रुक गया।
बिना आग बुझाए ही लौटी फायर ब्रिगेड की गाड़ी
ट्रक में आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची। लेकिन, गुस्साई भीड़ की वजह से उन्हें भी करीब दो घंटे तक मौके पर ही रहना पड़ा और आखिर में बिना आग बुझाए ही वहां से जाना पड़ा। इलाके में करीब दो घंटे तक तनाव का माहौल रहा। आखिर में सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस श्रीकांत धिवरे ने मृतक के परिजनों से बात की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया, तब जाकर भीड़ शांत हुई। इसके बाद शव को सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। प्रबल के परिवार में उसकी मां, एक बहन और पिता हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है।
पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और ट्रक ड्राइवर की भूमिका की जांच कर रही है। इसके अलावा घटना के बाद ट्रक में आग लगाने और मारपीट करने वालों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है। वहीं, कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
इससे 2 दिन पहले एमपी के राजगढ़ में एक 15 साल के डाक कांवड़ियां को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस घटना में किशोर की मौत हो गई।
(रिपोर्ट- नरेंद्र कदम)
यह भी पढ़ें-
कांवड़िया की गोली मारकर हत्या, जलाभिषेक के लिए बाबा गरीबनाथ धाम जा रहा था गोलू
अमरावती महिला अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग की लपटें, 3 नवजात बच्चों की मौत; वेंटिलेटर फटने से हुआ हादसा