बिहार के मुजफ्फरपुर में एक कांवड़िया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र के देवरिया-जगरिया मुख्य मार्ग पर ब्रह्मपुर खखन गांव के पास की है। रविवार रात बाइक सवार बदमाशों ने जलाभिषेक के लिए बाबा गरीबनाथ धाम जा रहे कांवड़िया को गोली मार दी। मृतक की पहचान 25 वर्षीय गोलू कुमार के रूप में हुई है। वह करीब 60 कांवड़ियों की टोली में शामिल था।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 60 कांवड़ियों का जत्था देवरिया थाना क्षेत्र के धरफरी गांव के पास गंडक नदी से जल भरकर बाबा गरीबनाथ धाम के लिए रवाना हुआ था। जत्थे में आगे डीजे बज रहा था और कांवड़िया नाचते-गाते पैदल चल रहे थे। गोलू अपनी बाइक से कांवड़ियों के पीछे-पीछे धीरे-धीरे चल रहा था।
डीजे बज रहा था, अचानक पीछे से आई गोली
बताया जा रहा है कि ब्रह्मपुर खखन गांव के पास देवरिया की ओर से बाइक सवार बदमाश पीछे से आए। डीजे की तेज आवाज का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने गोलू को पीछे से गोली मार दी। गोली लगते ही वह बाइक से नीचे गिर गया और खून से लथपथ हो गया। वारदात के बाद बदमाश देवरिया की ओर फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से कांवड़ियों के जत्थे में अफरा-तफरी मच गई। साथ चल रहे कांवड़ियों ने गोलू को आनन-फानन में इलाज के लिए सरैया CHC पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिन में धमकी, रात को हत्या
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविवार दिन में गोलू की गांव के ही एक व्यक्ति से मारपीट हुई थी। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पुलिस इसी बिंदु को भी हत्या की जांच में शामिल कर रही है। गोलू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करता था और करीब एक महीने पहले ही घर लौटा था। गांव में होने वाले महावीरी झंडा मेले के बाद उसे दोबारा दूसरे प्रदेश लौटना था।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद पारू थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।
एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर ने बताया कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक कांवड़ यात्रा के दौरान जल भरकर गरीबनाथ मंदिर जा रहा था। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पता चला कि दिन में उसकी एक व्यक्ति से झड़प हुई थी, जिसमें उसे धमकी मिली थी। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी अनुसंधान कर रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, पिछले हफ्ते ही बिहार के मुजफ्फरपुर में एक दर्दनाक मामला सामने आया था। डायल-112 की गाड़ी कांवड़िया लेन में घुस गई थी और आराम कर रहे एक कांवड़िये को रौंद दिया।
(रिपोर्ट- संजीव कुमार)
यह भी पढ़ें-
बदायूं में हाईटेंशन लाइन से टकराया कांवड़ियों का डीजे, करंट लगने से 7 बच्चे झुलसे, एक युवक की मौत
कांवड़िया बनकर मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 8 घंटे में खुलासा