1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. इलाज समझाने पर भड़का मरीज का बेटा, केबिन में घुसकर डॉक्टर से की मारपीट; देखें VIDEO

इलाज समझाने पर भड़का मरीज का बेटा, केबिन में घुसकर डॉक्टर से की मारपीट; देखें VIDEO

भानु ज्योत अस्पताल में डॉक्टर के साथ मरीज के बेटे द्वारा मारपीट करने की घटना सामने आई है। मरीज का बेटा किसी बात पर नाराज हो गया और कुछ देर बाद केबिन में घुसकर डॉक्टर पर हमला कर दिया।

अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट

महाराष्ट्र के मुंबई से सटे कल्याण पूर्व में डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। भानु ज्योत अस्पताल में मरीज के इलाज को लेकर हुई बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने डॉक्टर के साथ कथित तौर पर मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

डॉक्टर ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

मिली जानकारी के अनुसार, एक मरीज अपने बेटे विनीत देशमुख के साथ इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था। मरीज का इलाज कर रहे डॉक्टर योगेंद्र जयसवाल बीमारी और इलाज की प्रक्रिया के बारे में उन्हें समझा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विनीत देशमुख नाराज हो गया।

बताया जा रहा है कि स्थिति को देखते हुए मरीज ने खुद अपने बेटे से डॉक्टर के केबिन से बाहर जाने के लिए कहा। हालांकि, कुछ समय बाद विनीत देशमुख दोबारा डॉक्टर के केबिन में पहुंचा और डॉक्टर योगेंद्र जयसवाल के साथ मारपीट करने लगा। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद डॉक्टर की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर कल्याण के कोलसेवाड़ी पुलिस ने विनीत देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टर और नर्स के साथ मारपीट की घटना के बाद अब कल्याण में डॉक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर अस्पतालों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

नवी मुंबई में आग लगने से 2 लोग झुलसे

एक अन्य खबर में, नवी मुंबई के ऐरोली इलाके में रविवार को रसोई गैस रिसाव और बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण एक कमरे में लगी आग में दो महिलाओं सहित कम से कम तीन लोग झुलस गए। अधिकारियों के अनुसार, आग दोपहर करीब 1:00  बजे सेक्टर-20 स्थित जय मल्हार अपार्टमेंट के पास एक कमरे (कमरा नंबर-202) में लगी। आपातकालीन अग्निशमन दल ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। 

अधिकारियों ने बताया, "आग में झुलसे लोगों को तुरंत आपात चिकित्सा उपचार के लिए ऐरोली के सेक्टर-13 स्थित 'नेशनल बर्न्स सेंटर' ले जाया गया। 'नेशनल बर्न्स सेंटर' के चिकित्सक डॉ. सुशांत सुतार ने बताया कि तीनों घायलों को फिलहाल गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि उनके शरीर का 28 प्रतिशत से 81 प्रतिशत तक हिस्सा झुलस गया है।

ये भी पढ़ें-

रोहित पवार के PA की नाबालिग बेटी का घर के पास मिला शव, मां से नाराज होकर निकली थी घर से

पिंगलेश्वर समुद्र तट पर मिला संदिग्ध AIS सिस्टम और ऑक्सीजन सिलेंडर,सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट