महाराष्ट्र के बारामती में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार के PA अजित दशावतारे की नाबालिग बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हत्या है या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। बारामती के रुई इलाके के साई गणेश नगर में लड़की का शव घर के पास मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मां से विवाद के बाद घर से निकली थी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या या आत्महत्या समेत हर एंगल से पड़ताल की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले रात में मां और बेटी के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद नाबालिग लड़की घर से बाहर चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने पुलिस स्टेशन में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। सुबह घर के पास ही उसका शव बरामद हुआ।
हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक रोहित पवार बारामती पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और बारामती मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जाकर डॉक्टरों से भी मामले की जानकारी ली। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
रोहित पवार ने कहा कि उनके PA अजित दशावतारे जिला परिषद के समय से उनके साथ हैं और उनके परिवार पर बहुत बड़ा दुख आया है। उन्होंने कहा कि नाबालिग बेटी की मौत किस वजह से हुई, क्या हुआ और कैसे हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
रोहित पवार के बारे में
बता दें कि रोहित पवार का पूरा नाम रोहित राजेंद्र पवार है, जो महाराष्ट्र के एक प्रमुख युवा राजनेता हैं और शरद पवार की पार्टी से जुड़े हुए हैं। वे शरद पवार के पौत्र (भतीजे के बेटे) हैं। राजनीति में आने से पहले वे एक सफल व्यवसायी थे और 'बारामती एग्रो' के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में कार्य करने के साथ-साथ भारतीय चीनी मिल संघ (ISMA) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जमीनी स्तर से करते हुए पुणे जिला परिषद का चुनाव जीतकर की थी और बाद में विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर विधायक बने। राजनीति के अलावा, वे खेल प्रशासन में भी सक्रिय रहे हैं और Maharashtra Cricket Association (MCA) के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे पार्टी के भीतर एक प्रमुख युवा चेहरे के रूप में जाने जाते हैं।
ये भी पढ़ें-