1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. रिश्तों का सबसे खतरनाक रूप! थाने के गेट पर ही ससुराल वाले बरसाने लगे चाकू, बहू और उसका भाई मौत के मुंह में

रिश्तों का सबसे खतरनाक रूप! थाने के गेट पर ही ससुराल वाले बरसाने लगे चाकू, बहू और उसका भाई मौत के मुंह में

कल्याण में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवादों के कारण करीबी रिश्तेदार ही आपस में भिड़ गए हैं। ससुराल वालों ने पुलिस थाने के बाहर ही अपनी बहू और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में घायल हुए...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हमले में घायल हुए भाई-बहन।

महाराष्ट्र के कल्याण शहर में रिश्तों पर से भरोसा तोड़ने और कांटे की तरह चुभने वाली एक घटना सामने आई है। तलाक के झगड़े से गुस्साए ससुराल पक्ष के लोगों ने पुलिस थाने के बाहर ही बहू और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तनवीर खान की पत्नी रुखसार खान गंभीर रूप से घायल हो गईं।

शिकायत दर्ज कराने गई पत्नी पर चाकू-पत्थरों से हमला

यह घटना कल्याण के वालधुनी क्षेत्र में हुई, जहां अशोक नगर में रह रहे पति-पत्नी के बीच चल रहे झगड़े की वजह से हालात बिगड़ गए थे। झगड़ा इतना बढ़ गया कि रुखसार अपने भाई के साथ महात्मा फुले पुलिस स्टेशन शिकायत दर्ज कराने गई थी। लेकिन उसी समय गुस्साए ससुराल वालों ने उनका पीछा किया और पुलिस स्टेशन के बाहर ही उन पर हमला कर दिया। आरोपियों में पति, ससुर, देवर और ननद शामिल हैं, जिन्होंने उस पर चाकू और पत्थरों से हमला किया। इस अचानक हुए हमले में महिला और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रुखसार की चीखें थम नहीं रही!

हमले में घायल रुखसार का रो-रोकर बुरा हाल है। वह रोते हुए कहती है, मेरा भाई ही सबकुछ है। इस मामले में महात्मा फुले पुलिस स्टेशन में तनवीर खान (28), सद्दाम खान (30), फरीद खान (50) और शबनम शेख के खिलाफ धारा 326 के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

आदतन अपराधी है तनवीर

पुलिस ने बताया है कि मुख्य आरोपी पति आदतन अपराधी है। इस घटना से इलाके में डर का माहौल बन गया है और लोग पुलिस स्टेशन के बाहर हुई इस घटना पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। पुलिस ने धारा 326 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)

यह भी पढ़ें-

पति बना हैवान, पत्नी की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाया, 4 साल के बेटे ने खोला राज

रात के अंधेरे में मां ने सो रहे दो मासूमों को कुल्हाड़ी से काटा, फिर खुद का भी रेता गला; खून से लथपथ मिले बच्चे