1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. AIMIM को लगा बड़ा झटका, BMC में गोवंडी की नगरसेविका रोशन शेख अयोग्य घोषित, जानिए क्यों हो गई कार्रवाई

AIMIM को लगा बड़ा झटका, BMC में गोवंडी की नगरसेविका रोशन शेख अयोग्य घोषित, जानिए क्यों हो गई कार्रवाई

AIMIM को बड़ा झटका लगा है जानकारी के अनुसार, BMC में गोवंडी की नगरसेविका रोशन शेख अयोग्य घोषित कर दी गई हैं। आइए जानते हैं कि ये कार्रवाई क्यों हुई है।

mumbai AIMIM corporator Roushan sheikh membership lost - India TV Hindi
Image Source : REPORTER AIMIM की नगरसेविका अयोग्य घोषित।

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को महराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बड़ा झटका लगा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC ने गोवंडी के वार्ड 138 से निर्वाचित AIMIM की नगरसेविका रोशन शेख की सदस्यता समाप्त कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई उनके OBC जाति प्रमाणपत्र को जाति सत्यापन समिति द्वारा अमान्य घोषित किए जाने के बाद की गई। आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में।

OBC प्रमाणपत्र अमान्य घोषित 

जारी अधिसूचना के अनुसार, परभणी जिला जाति प्रमाणपत्र सत्यापन समिति ने 27 अप्रैल 2026 को रोशन शेख के OBC जाति प्रमाणपत्र को अमान्य घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, यह प्रमाणपत्र नवंबर 2025 में जारी किया गया था। आपको बता दें कि रोशन शेख ने 2026 के बीएमसी चुनाव में OBC आरक्षित सीट से चुनाव जीतकर नगरसेविका का पद हासिल किया था। लेकिन जाति प्रमाणपत्र अमान्य होने के बाद बीएमसी ने मुंबई महानगरपालिका अधिनियम, 1888 की धारा 16(1C)(a) के तहत उनकी सदस्यता स्वतः समाप्त कर दी।

इस पूरे मामले को लेकर बीएमसी की ओर से अधिसूचना भी जारी की गई थी। इस अधिसूचना के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 से ही रोशन शेख की नगरसेविका की सदस्यता समाप्त मानी जाएगी, क्योंकि इसी दिन जाति सत्यापन समिति ने अपना फैसला सुनाया था।

पार्षद मेहराज खान पर भी हुआ था एक्शन

आपको बता दें कि इससे पहले छत्रपति संभाजीनगर में AIMIM के पार्षद मेहराज खान के खिलाफ भी कड़ा एक्शन लिया गया था। उन्हें चुनाव आयोग को गुमराह करने के मामले में अरेस्ट किया गया था। मेहराज खान के ऊपर हलफनामा देने में घपलेबाजी करने का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक, मेहराज खान ने चुनावी शपथपत्र में बताया था कि उनके सिर्फ दो बच्चे हैं। हालांकि, वह असल में तीन बच्चों के पिता हैं। आरोप लगा है कि AIMIM पार्षद मेहराज खान ने स्कूल के हेडमास्टर की मदद से फर्जी बोनाफाइड सर्टिफिकेट तैयार करवाया और अपने बेटे को भाई का बेटा दिखाने का प्रयास किया था।

पार्षद सहर शेख भी आई थीं विवादों में

इससे पहले महाराष्ट्र के ठाणे मुंब्रा की AIMIM की पार्षद सहर शेख भी एक बड़े विवाद में घिर गई थीं जिसके बाद उनके पार्षद पद पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। मुंब्रा के प्रभाग क्रमांक 30 से चुनी गई सहर शेख पर आरोप लगा था कि उनके पिता युनूस इकबाल शेख ने फर्जी OBC जाति प्रमाणपत्र बनवाया था। इन आरोपों पर सहर शेख ने कहा था- "मुझ पर आरोप लगाने वालों का सामना मैं कोर्ट में करूंगी। सभी को कानूनी तौर पर जवाब दिया जाएगा।"

ये भी पढ़ें- 'कैसा हराया' वायरल गर्ल AIMIM पार्षद सहर शेख पर बड़ा आरोप, फर्जी OBC जाति प्रमाणपत्र बनवाया, अब पद है खतरे में

'अपनी पिछली गलतियों को दूर कर लिया है', ओवैसी ने बताया यूपी चुनावों में BJP को कैसे रोकेंगे