1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र ATS के रडार पर SIMI के बड़े रिक्रूटर की बेटी, जानकारी छिपाकर बनाया है नया पासपोर्ट; मकसद पता करने में जुटी एजेंसी

महाराष्ट्र ATS के रडार पर SIMI के बड़े रिक्रूटर की बेटी, जानकारी छिपाकर बनाया है नया पासपोर्ट; मकसद पता करने में जुटी एजेंसी

महाराष्ट्र ATS इस वक्त SIMI के बड़े रिक्रूटर तारिक की 19 साल की बेटी नमीराह तारिक खान की तलाश कर रही है। दरअसल, नमीराह के ऊपर जानकारी छिपाकर नया पासपोर्ट बनवाने का आरोप है।

Maharashtra ATS- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) महाराष्ट्र ATS के रडार पर 19 साल की मुंब्रा की लड़की।

महाराष्ट्र ATS के रडार पर 19 साल की मुंब्रा की रहने वाली लड़की है। इस लड़की का पिता इंडियन मुजाहिदीन और SIMI का बड़ा रिक्रूटर हुआ करता था जो फिलहाल विदेश में छिपा बैठा है। सूत्रों ने बताया कि ATS को जानकारी मिली थी कि अधूरी जानकारी देकर 19 साल की नमीराह तारिक खान नाम की लड़की ने मुंब्रा से अपना पासपोर्ट बनवाया है। जांच जब आगे बढ़ी तो पता चला कि नामीराह के पास पहले से ही एक पासपोर्ट था जो उसने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से बनवाया था।

नया पासपोर्ट बनवाते वक्त छिपाई जानकारी

दरअसल, नया पासपोर्ट बनवाने के लिए पुराने की जानकारी देनी पड़ती है लेकिन नमीराह तारिक खान ने ऐसा नहीं किया और यहां नया पासपोर्ट बनवा लिया। सूत्रों ने बताया कि जब जांच एजेंसियों को पता चला कि वो इंडियन मुजाहिद्दीन के आतंकी तारिक खान की बेटी है, तब एजेंसी और भी सतर्क हो गई।

नमीराह के पिता तारिक से जुड़े 3 बड़े मुकदमे

सूत्रों के मुताबिक, नमीराह के पिता तारिक पर तीन मामले दर्ज हैं, जिसमें से एक 2001 का है। उस समय तारिक पर आतंकी संगठन SIMI से जुड़े होने का आरोप था। उसके बाद एक मामला मुंबई क्राइम ब्रांच का है जो साल 2006 में UAPA के तहत दर्ज हुआ था। वहीं, तीसरा मामला साल 2011 का है, जो साल फर्जी करेंसी का है, उसमें भी UAPA की गंभीर धाराएं लगाई गई थीं।

नमीराह ने क्यों बनवाया नया पासपोर्ट?

अब महाराष्ट्र ATS ये पता करने की कोशिश कर रही है कि नमीराह तारिक खान के पास जब पहले से पासपोर्ट है तो वह नया पासपोर्ट क्यों बनवा रही है। इसके अलावा, दिलचस्प यह भी है कि नमीराह तारिक खान ने नया पासपोर्ट बनवाते वक्त जानकारी क्यों छिपाई। इससे पहले, ATS ने सोहेल को दबोचा था जो इंस्टाग्राम के ग्रुप में लश्कर-जैश के आतंकियों के वीडियो डाल रहा था

इंडियन मुजाहिदीन क्या है?

इंडियन मुजाहिदीन एक प्रतिबंधित इस्लामी आतंकी संगठन है। इंडियन मुजाहिदीन की शुरुआत स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया यानी SIMI के कुछ कट्टरपंथी मेंबर्स की तरफ से की गई थी। यह प्रमुख तौर पर 2007 के आसपास सामने आया था। इसके संस्थापक सदस्यों में इकबाल भटकल, यासीन भटकल, रियाज भटकल और अब्दुल सुभान कुरैशी जैसे नाम शामिल रहे थे। 4 जून 2010 को UAPA के तहत इंडियन मुजाहिदीन को एक आतंकी तौर पर आधिकारिक तौर पर बैन कर दिया गया था।

ये भी पढ़ें- "भारत से अच्छा पाकिस्तान है", देश विरोधी पोस्ट पर ATS की बड़ी कार्रवाई, महाराष्ट्र में 5 संदिग्ध हिरासत में