1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. शुद्ध दूध का भ्रम! कैन में बंद पैकेट का दूध पलट रहे विक्रेताओं का VIDEO वायरल

शुद्ध दूध का भ्रम! कैन में बंद पैकेट का दूध पलट रहे विक्रेताओं का VIDEO वायरल

जिसे आप और हम आंख मूंदकर महंगे दामों पर शुद्ध दूध समझकर खरीद रहे हैं, वो असल में चंद पैसों के लालच का एक बहुत बड़ा धोखा है। दरअसल, महाराष्ट्र के बीड में पैकेज्ड दूध को कैन के दूध में मिलाने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है।

कैन में बंद पैकेट का...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कैन में बंद पैकेट का दूध पलटते दूध विक्रेता।

महाराष्ट्र के बीड शहर से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। वायरल हो रहे इस वीडियो में सुबह 6 से 8 बजे के बीच कुछ दूध विक्रेता बंद पैकेट का दूध खोलकर उसे कैन में मौजूद दूध में मिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। नागरिकों का कहना है कि ऐसे दूध के सेवन से कई तरह की बीमारियों के साथ-साथ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का खतरा भी बढ़ सकता है।

तबेले के दूध के नाम पर चल रही अंधाधुंध लूट

बताया जा रहा है कि यह मामला बीड शहर के आसपास के पांगर बावड़ी, आहेर वडगांव, मोची पिंपलगांव और कोल्हारवाड़ी क्षेत्र के कुछ दूध विक्रेताओं से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार कुछ विक्रेता गांव-गांव जाकर दूध विक्रेताओं के घरों तक भी बंद पैकेट का दूध पहुंचाकर उसे कैन के दूध में मिलाते हैं। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और उसके पीछे की वास्तविकता की जांच संबंधित विभाग द्वारा किया जाना आवश्यक है। लेकिन पैकेज्ड दूध को इस तरह कैन के दूध में मिलाने का मामला बेहद गंभीर है और इसे नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ माना जा रहा है।

मिलावट का वीडियो वायरल

राज्य में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में मिलावट करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में बीड के इस वायरल वीडियो का भी तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित दूध विक्रेताओं और डेयरियों की जांच किए जाने की मांग नागरिकों द्वारा की जा रही है। साथ ही नागरिकों से भी अपील की जा रही है कि वे अपने दूध विक्रेता से यह जरूर पूछें कि उन्हें शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण दूध दिया जा रहा है या नहीं।

आयुक्त तुकाराम मुंढे ने पहले भी मीडिया से बातचीत में बताया था कि दूध में केमिकल, दूध पाउडर, डिटर्जेंट, पाम ऑयल तथा अन्य हानिकारक पदार्थ मिलाए जाने के मामले सामने आते रहे हैं।

देखें वीडियो-

नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़

नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन को इस वायरल वीडियो की गहन जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ऐसी आम नागरिकों की मांग है। अब पूरे बीड जिले की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है, क्या किसी पर कार्रवाई होती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

(रिपोर्ट- आमिर हुसैन)

यह भी पढ़ें-

दूल्हा-दुल्हन को लगा दी मिलावटी हल्दी, दोनों अस्पताल में भर्ती, एक को वेंटिलेटर पर रखना पड़ा

किचन में छिपकर बैठा था कोबरा, दूध का बर्तन रखने गए स्कूल संचालक को डसा, मौत