1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में दो सीटों पर उपचुनाव को लेकर गरमाई राजनीति, सुनेत्रा पवार कर सकती हैं पीएम मोदी और खरगे से मुलाकात

महाराष्ट्र में दो सीटों पर उपचुनाव को लेकर गरमाई राजनीति, सुनेत्रा पवार कर सकती हैं पीएम मोदी और खरगे से मुलाकात

महाराष्ट्र में दो सीटों पर उपचुनाव को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। सुनेत्रा पवार आज दिल्ली दौरे पर जा सकती हैं जहां वह पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात कर सकती हैं।

sunetra pawar maharashtra by election- India TV Hindi
Image Source : PTI महाराष्ट्र में उपचुनाव को लेकर सियासत जारी। (फाइल फोटो)

महाराष्ट्र की दो विधानसभा सीटों बारामती (पुणे) और राहुरी पर 23 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। बारामती सीट पर एनसीपी (अजित पवार गुट) की ओर से सुनेत्रा पवार चुनाव मैदान में उतरेंगी। यह सीट दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री से जुड़ी होने के कारण भावनात्मक और प्रतिष्ठा की लड़ाई मानी जा रही है। वहीं राहुरी सीट पर बीजेपी ने दिवंगत नेता शिवाजीराव कार्डिले के बेटे अक्षय कार्डिले को उम्मीदवार बनाया है।

बारामती को लेकर राजनीति गरमाई

नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही खासकर बारामती को लेकर राजनीति गरमा गई है। एनसीपी (अजित पवार गुट) की ओर से यह मांग की जा रही है कि चुनाव निर्विरोध कराया जाए, ताकि दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी जा सके। महाराष्ट्र की राजनीतिक परंपरा का हवाला देते हुए इस मांग को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस मांग को एनसीपी (शरद पवार गुट) का भी समर्थन मिला है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि बारामती सीट पर वे अपना उम्मीदवार नहीं उतारेंगे। हालांकि राहुरी सीट को लेकर उन्होंने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक प्राजक्ता तनपुरे का नाम संभावित उम्मीदवार के रूप में सामने आ रहा है।

कांग्रेस ने क्या कहा?

दूसरी ओर कांग्रेस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का कहना है कि अगर एनसीपी (शरद पवार गुट) इन सीटों पर चुनाव नहीं लड़ती है, तो कांग्रेस चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार है। इसी बीच, सुनेत्रा पवार आज शाम दिल्ली दौरे पर जा रही हैं, जहां उनकी मुलाकात नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे बीजेपी के शीर्ष नेताओं से हो सकती है। साथ ही बारामती चुनाव को निर्विरोध कराने के मुद्दे पर वे मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात कर सकती हैं।

सुनेत्रा पवार कब नामांकन दाखिल करेंगी?

बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल को सुनेत्रा पवार नामांकन दाखिल करेंगी, जिससे पहले यह राजनीतिक कवायद और भी तेज होने की संभावना है। कुल मिलाकर, इन दोनों सीटों पर मुकाबला सिर्फ चुनावी नहीं बल्कि राजनीतिक प्रतिष्ठा और गठबंधन समीकरणों की बड़ी परीक्षा बनता जा रहा है।

चुनाव कार्यक्रम

• नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू हो चुकी है।
• नामांकन की आखिरी तारीख 6 अप्रैल तय की गई है।
• नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी।
• नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अप्रैल रखी गई है।
• यदि आवश्यक हुआ, तो 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।
• मतगणना 4 मई को होगी।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र की राहुरी और बारामती सीट पर उपचुनाव के लिए BJP ने उतारे प्रत्याशी, जानें किस पर लगाया दांव

शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने उठाया बड़ा कदम, बेटे श्रीकांत शिंदे को पार्टी में सौंपी बड़ी जिम्मेदारी