1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पत्नी को बैल की जगह बांधकर खेती कर रहा था किसान, Video वायरल हुआ तो CM फडणवीस ने उठाया बड़ा कदम

पत्नी को बैल की जगह बांधकर खेती कर रहा था किसान, Video वायरल हुआ तो CM फडणवीस ने उठाया बड़ा कदम

महाराष्ट्र के लातूर में पत्नी को बैल की जगह जोत में बांधकर खेती करने को मजबूर किसान परिवार को राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तत्काल राहत दिलाई है। किसान को अब एक नया बैल और मुआवजा भी मिला है।

cm devendra fadnavis helps latur farmer family- India TV Hindi
Image Source : REPORTER/PTI सीएम फडणवीस ने दिलाई किसान परिवार को मदद।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बार फिर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। लातूर जिले के एक किसान परिवार पर आई मुश्किल की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल मदद के निर्देश दिए। बिजली गिरने से बैल की मौत हो जाने के कारण किसान को खेती का काम पूरा करने के लिए अपनी पत्नी को जोत में बांधना पड़ा था। यह खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और कुछ ही घंटों में किसान परिवार को नया बैल और मुआवजे की राशि उपलब्ध कराई गई।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला लातूर जिले के देवणी तहसील के बोंबळी खुर्द गांव का है। यहां भूमिहीन किसान काशीनाथ गायकवाड़ के बैल की 5 जून को हुई तेज बारिश और बिजली गिरने की घटना में मौत हो गई थी। बैल की मौत के बाद किसान के सामने खेती का काम पूरा करने का बड़ा संकट खड़ा हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि काशीनाथ गायकवाड़ को खेत की जुताई और अन्य कृषि कार्यों के लिए अपनी पत्नी हौसाबाई को बैल की जगह जोत में बांधना पड़ा।

देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत दिलाई राहत

इस घटना की तस्वीरें और खबरें सामने आने के बाद मामला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक पहुंचा। मुख्यमंत्री ने तुरंत लातूर जिला प्रशासन, तहसील कार्यालय, कृषि विभाग और पशुपालन विभाग को किसान परिवार की मदद करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद सभी संबंधित विभाग सक्रिय हो गए। पशुपालन विभाग ने त्वरित प्रयास करते हुए किसान के लिए एक नया बैल उपलब्ध कराया। जिला प्रशासन और अधिकारियों की मौजूदगी में यह बैल सीधे गायकवाड़ परिवार को सौंप दिया गया। साथ ही बिजली गिरने से मरे बैल के लिए सरकारी मुआवजे की प्रक्रिया भी तत्काल पूरी की गई।

मदद से खेती बच गई- किसान

मुख्यमंत्री की इस त्वरित और संवेदनशील पहल से किसान परिवार को बड़ी राहत मिली है। गायकवाड़ परिवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली मदद से उनकी खेती बच गई। एक किसान परिवार की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई अब चर्चा का विषय बन गई है। इस मदद से न केवल किसान को राहत मिली, बल्कि प्रशासन की संवेदनशीलता का भी उदाहरण सामने आया है।

ये भी पढ़ें- किसान की ऐसी मजबूरी..., बिजली गिरने से एक बैल की मौत हुई तो महिला ने ली उसकी जगह, फिर खेत में चला हल, देखें Video

रोड पर थूकने से रोका तो कैब चालक ने बुजुर्ग की कर दी बेरहमी से पिटाई, अब एकनाथ शिंदे ने दे दिया सख्त आदेश