महाराष्ट्र के ठाणे से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। ठाणे के जुपिटर अस्पताल के पास कथित तौर पर एक कैब चालक और बुजुर्ग व्यक्ति के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अनुसार, फुटपाथ पर थूकने को लेकर शुरू हुआ विवाद कथित रूप से मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस क्या कार्रवाई करती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
क्या है पूरा मामला?
सामने आई जानकारी के अनुसार, ये पूरी घटना 9 जून की रात की बताई जा रही है। मंगलवार शाम ज्यूपिटर अस्पताल के पास एक चालक द्वारा सड़क पर थूकने का विरोध करने पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को बेरहमी से पीटा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग ने केवल सड़क पर गंदगी फैलाने को लेकर चालक से सवाल किया था, जिसके बाद आरोपी वाहन से नीचे उतरा और उन पर हमला कर दिया। घटना के दौरान आरोपी के हाथ में पत्थर भी देखा गया, जिससे उसकी मंशा और अधिक गंभीर प्रतीत हुई। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका पैर फ्रैक्चर हो गया।
एकनाथ शिंदे ने लिया एक्शन
ठाणे के जुपिटर अस्पताल के पास कैब चालक और बुजुर्ग के बीच विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। बुजुर्ग व्यक्ति के साथ हुई मारपीट के मामले में अब एक्शन भी शुरू हो गया है। शिवसेना के प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने ठाणे पुलिस आयुक्त को आरोपी चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास यानी धारा 307 के तहत मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
शिवसैनिकों ने आरोपी को खोज निकाला
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय शिवसैनिकों ने आरोपी चालक को खोज निकाला और उसे वर्तक नगर पुलिस स्टेशन ले जाकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तत्काल संज्ञान लिया और ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुमरे को आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। (रिपोर्ट: सय्यद नकी हसन)
ये भी पढे़ें- मुंबई मेयर के दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में CMO और BSE का भी जिक्र; जानें पूरा मामला
मुस्लिम युवक पर 2 सगी बहनों से रेप का आरोप, पालघर कांड से महाराष्ट्र में सियासी तूफान; आज डहाणू बंद