1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: साइकिल पर नजर आईं अमृता फडणवीस, बोलीं- PM मोदी की अपील पर कर रही हूं ईंधन बचत

VIDEO: साइकिल पर नजर आईं अमृता फडणवीस, बोलीं- PM मोदी की अपील पर कर रही हूं ईंधन बचत

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने पीएम मोदी की अपील को ध्यान में रखते हुए साइकिल से सफर शुरू किया है। वह अपने घर से 5-7 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी कामों के लिए साइकिल का इस्तेमाल कर रही हैं।

amruta fadnavis- India TV Hindi
Image Source : X- @FADNAVIS_AMRUTA अमृता फडणवीस

मुंबई: देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाओ की अपील का असर खूब नजर आ रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने बुधवार को कहा कि ईंधन की बचत को लेकर पीएम मोदी की अपील पर अमल करते हुए उन्होंने कम दूरी की यात्रा के लिए साइकिल का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। अमृता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुंबई की सड़कों पर साइकिल चलाते हुए अपना एक वीडियो भी शेयर किया है।

अमृता फडणवीस ने शेयर किया वीडियो

अमृता फडणवीस ने कहा, "ईंधन संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान से प्रेरित होकर मैंने अपने घर से 5-7 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी कामों के लिए साइकिल का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। पेट्रोल और डीजल बचाने की दिशा में यह मेरा एक छोटा सा व्यक्तिगत कदम है, जिससे एक स्वस्थ जीवन शैली को भी बढ़ावा मिलेगा।"

'कान्स फिल्म महोत्सव' में भी नहीं लिया हिस्सा

इससे पहले इसी महीने, अमृता फडणवीस ने कहा था कि पीएम मोदी की मितव्ययिता की अपील के मद्देनजर वह 'कान्स फिल्म महोत्सव' में भाग नहीं लेंगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया था कि उन्हें फ्रांस में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव में महाराष्ट्र, वहां की संस्कृति और राज्य के हथकरघा विरासत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आमंत्रित किया गया था।

PM मोदी ने की थी देश से अपील

बता दें कि पीएम मोदी ने हाल ही में देश से ईंधन बचाने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की थी। पीएम मोदी की इस अपील के बाद देश के कई राज्यों के सीएम ने अपनी कारों का काफिला छोटा कर दिया था। खुद पीएम मोदी का काफिला भी छोटा हुआ था।

इसके अलावा तमाम राज्यों के मंत्रियों और बड़े अधिकारियों ने भी अपना काफिला छोटा किया था। दिल्ली सरकार की सीएम और अन्य मंत्री तो दिल्ली मेट्रो में सफर करते हुए नजर आए थे। बीजेपी नेताओं ने भी अपने काफिले को छोटा करते हुए पब्लिक ट्रांसपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल में सफर करना शुरू किया था।

यह भी पढ़ें-

'भारत के ईंधन आयात पर पड़ रहा 81 दिन से चल रहे युद्ध का असर', जानिए पेट्रोल-डीजल की खरीद पर क्या बोली सरकार