1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Video: अजित पवार, एकनाथ शिंदे ने लगाई दौड़, छगन भुजबल ने अस्पताल से किया प्रचार तो भावुक हुए भतीजे समीर

Video: अजित पवार, एकनाथ शिंदे ने लगाई दौड़, छगन भुजबल ने अस्पताल से किया प्रचार तो भावुक हुए भतीजे समीर

चुनाव प्रचार के दौरान देरी होने के चलते महाराष्ट्र के दोनों डिप्टी सीएम (अजित पवार और एकनाथ शिंदे) को दौड़ लगानी पड़ी। वहीं, छगन भुजबल सर्जरी के बाद अस्पताल से रैली को संबोधित करते नजर आए।

Eknath Shinde Ajit Pawar Chhagan Bhujbal- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एकनाथ शिंदे (बाएं), अजित पवार (दाएं), छगन भुजबल (बीच में)

महाराष्ट्र में नगरपालिका और नगरपरिषद के चुनाव प्रचार का जोर अपने चरम पर है। सोमवार रात 10 बजे तक चुनाव प्रचार का आखिरी समय है। 2 दिसंबर को तकरीबन 250 नगरपालिका और नगरपरिषद की सीट पर मतदान होने हैं। ऐसे में नेताओं की भागदौड़ एकदम बढ़ गई है, जो नेता फील्ड पर हैं वो भाग रहे है और जो फील्ड पर नही पहुंच पा रहे और अस्पताल में भर्ती हैं वो अस्पताल से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं।

अजित पवार की भागमभाग

उपमुख्यमंत्री अजित पवार की भागदौड़ का एक वीडियो सामने आया है। अहिल्यानागर जिले के कोपरगांव में प्रचार सभा के दौरान उन्हें समय की कमी का सामना करना पड़ा। हेलिकॉप्टर पायलट ने उन्हें साफ बता दिया था कि हेलिकॉप्टर उड़ाने के लिए 5:15 बजे तक की ही आखिरी अनुमति है। ऐसे में कई सभाओं के बाद जब वे कोपरगांव पहुंचे तो सभा में देर हो रही थी। ऐसे में हेलिकॉप्टर से उतरते ही दादा सीधे दौड़ते हुए सभा स्थल में प्रवेश कर गए। लोगों ने इस दृश्य को मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया।

एकनाथ शिंदे भी 500 मीटर दौड़े थे

दो दिन पहले उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी शिर्डी एयरपोर्ट पर भागते हुए नजर आए थे और अब अजित दादा का यह वीडियो चुनावी चर्चा में है। एकनाथ शिन्दे तो एयरपोर्ट के अंदर से भागते हुए रनवे तक पहुंचे। उन्होंने तकरीबन 500 मीटर की दूरी दौड़कर पूरी की। उनके पीछे उनके गनर, एयरपोर्ट सिक्योरिटी, कार्यकर्ता, नेता सब भागते दिखे।

छगन भुजबल ने अस्पताल से सभा को संबोधित किया

नासिक जिले के येवला नगर पालिका चुनाव में छगन भुजबल अस्पताल से जनता से संवाद करते दिखे। एनसीपी नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने अनोखे तरीके से जनता से संवाद किया। भुजबल की हाल ही में बाईपास सर्जरी हुई है और वे मुंबई के अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अस्पताल में सलाइन लेते हुए ही ऑनलाइन माध्यम से मतदाताओं को संबोधित किया।

भुजबल ने भावुक अपील की

अस्पताल से लोगों को संबोधित करते हुए छगन भुजबल ने कहा, “आप मुझे जितना प्यार करते हैं, उतना ही प्यार हमारे सभी उम्मीदवारों को दें।” भाषण के दौरान उनके भतीजे समीर भुजबल भी भावुक हो उठे। छगन भुजबल ने कहा कि वे चाहकर भी इस बार चुनाव प्रचार में सीधे शामिल नहीं हो पाए, क्योंकि उनकी सर्जरी हुई है। उन्होंने येवला की जनता को याद दिलाया, “2004 में आपने मुझे सेवा का मौका दिया। तब येवला सूखे की मार झेलता था। आज आप यहां का बदलाव देख सकते हैं। यह सब आपके सहयोग से संभव हुआ है।” अंत में उन्होंने अपील की कि “हमारे उम्मीदवारों को भी उतना ही आशीर्वाद दें, जितना आप मुझे देते आए हैं।”

यह भी पढ़ें-

मुंबई की लोकल ट्रेनों में AI से फर्जी टिकट बनाकर यात्रा करने वालों की खैर नहीं, हो सकती है 5 साल की जेल

महाराष्ट्र में महायुति में गड़बड़? मंत्री बावनकुले बोले- जो भी मनभेद-मतभेद हुए हैं उसे...