1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई के चॉल में लगी भीषण आग, 10 मकान जलकर खाक, पहले शॉर्ट सर्किट और फिर फट गए कई सिलेंडर

मुंबई के चॉल में लगी भीषण आग, 10 मकान जलकर खाक, पहले शॉर्ट सर्किट और फिर फट गए कई सिलेंडर

मुंबई के शिवड़ी इलाके में स्थित गुरुकृपा चॉल में मंगलवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में 10 मकान जलकर खाक हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, आग पहले शॉर्ट सर्किट से लगी और फिर कई सिलेंडर फट गए।

mumbai sewri chaal fire- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक फोटो।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, ये आग मुंबई के शिवड़ी इलाके में रेटी बंदर रोड पर स्थित गुरुकृपा चॉल में लगी है। आग लगने की घटना मंगलवार (30 दिसंबर 2025) की दोपहर को सामने आई है। इस भीषण आग की सूचना दोपहर 3:15 बजे दी गई, जिसके बाद मुंबई फायर ब्रिगेड ने आग को लेवल-दो घोषित किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने तुरंत एक्शन लिया और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

कैसे लगी आग?

मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, शिवड़ी इलाके में स्थित गुरुकृपा चॉल में आग लगने की शुरुआत शॉर्ट सर्किट से हुई थी और यह पहले एक कमरे तक ही सीमित थी। हालांकि, इसके बाद गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और दस कमरों में फैल गई। घटनास्थल पर अब तक 4 गैस सिलेंडरों के फटने की पुष्टि हुई है। जानकारी के मुताबिक, घटना में कुल दस मकान जलकर खाक हो गए हैं।

आग पर काबू पा लिया गया

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी वार्ड स्टाफ, 108 एम्बुलेंस सेवा और बेस्ट विद्युत वितरण कंपनी की टीमें पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किया गया। सेवरी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के अनुसार, फिलहाल किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। प्रशासन ने आग पर काबू पा लिया है।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में महसूस किए गए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर मापी गई इतनी तीव्रता, जानें क्या है स्थिति

मुंबई बस हादसे का CCTV फुटेज आया सामने, एक झटके में 4 जिंदगियां खत्म, ड्राइवर बोला- गलती से एक्सीलेटर दब गया