1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra MLC Election Results: भाजपा को झटका, कांग्रेस ने जीत ली नागपुर स्नातक सीट, अभिजीत वंजारी ने लहराया परचम

Maharashtra MLC Election Results: भाजपा को झटका, कांग्रेस ने जीत ली नागपुर स्नातक सीट, अभिजीत वंजारी ने लहराया परचम

महाराष्ट्र विधान परिषद के नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी अभिजीत गोविंदराव वंजारी ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। पेशे से वकील और शिक्षाविद, वंजारी कई वर्षों से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं।

नागपुर में जीती कांग्रेस- India TV Hindi
नागपुर में जीती कांग्रेस

महाराष्ट्र के नागपुर एमएलसी की स्नातक सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है। इस सीट पर हुए बेहद रोमांचक मुकाबले में, कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा एमएलसी अभिजीत वंजारी ने बीजेपी के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 3,271 वोटों से हराकर नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर जीत का परचम लहराया है। बता दें कि वोटों की गिनती मंगलवार सुबह शुरू हुई और गुरुवार तड़के जाकर पूरी हुई, जिसमें कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी वंजारी को 67,231 वोट मिले। वहीं, बीजेपी ने पूर्व विधायक सुधाकर कोहाले को 63,960 वोट मिले। नागपुर विधानपरिषद सीट से विजयी उम्मीदवार कांग्रेस के अभिजीत वंजारी जब घर पहुंचे, घर पर आरती उतार कर परिजनों ने उनका स्वागत किया।

देखें वीडियो



भाजपा के लिए बड़ा झटका
नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस की जीत बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि उसे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गृह नगर में हार का सामना करना पड़ा है। इन दोनों नेताओं ने कोहाले के लिए जमकर प्रचार किया था, लेकिन जीत कांग्रेस के अभिजीत वंजारी को मिली। बुधवार को वोटों की गिनती के दूसरे दौर के बाद, भाजपा के प्रत्याशी कोहाले अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी से 4,294 वोटों से आगे चल रहे थे।

कड़ी टक्कर के बीच वंजारी ने कोहाले को हराया
पहली वरीयता (फर्स्ट प्रेफरेंस) के वोटों की गिनती के दूसरे दौर के बाद, कोहाले को 60,924 वोट मिले थे, जबकि वंजारी को 56,630 वोट मिले। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को 24,249 वोट मिले।हालांकि, किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए जरूरी वोटों का कोटा नहीं मिल सका, इसलिए वोटों की गिनती दूसरी वरीयता (सेकंड प्रेफरेंस) के वोटों के दौर तक पहुंच गई। एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि एलिमिनेशन राउंड (छंटनी के दौर) के बाद, वंजारी को कुल 67,231 वोट मिले, जबकि कोहाले को 63,960 वोट मिले।

कौन हैं कांग्रेस को जीत दिलाने वाले वंजारी
नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व लंबे समय तक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था, जो कई कार्यकाल तक यहां से एमएलसी रहे थे। बता दें कि पिछले चुनाव में वंजारी ने बीजेपी उम्मीदवार संदीप जोशी को हराया था। अभिजीत गोविंदराव वंजारी ने महाराष्ट्र विधान परिषद के नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है; इससे पहले उन्होंने 2020 में भी यह सीट जीती थी। पेशे से वकील और शिक्षाविद, वंजारी कई वर्षों से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और विधान परिषद सदस्य (MLC) के रूप में नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

ये भी पढ़ें:

महाराष्ट्र MLC चुनाव में BJP को पुणे शिक्षक सीट पर जीत, नागपुर में भी बढ़त; शरद पवार गुट 2 सीटों पर आगे